कासगंज: अज्ञात कारणों के चलते खेत में लगी आग, 17 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किसानों को हजारों की क्षति, लेखपाल किया निरीक्षण 

गंजडुंडवारा, अमृत विचार। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव कुसौल में खेत में खड़ी गेंहू की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे 17 बीघा से अधिक की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया है। एसडीए के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आंकलन किया है।  

दोपहर को कुसौल निवासी सेवती पत्नी अरुण के खेत में अचानक से आग लग गई। जब आसपास के खेतों में कार्य कर रहे किसानों ने खेत से धुंआ उठाता देखा तो वह मौके की ओर दौड़े। देखा तो फसल में आग लग रही थी। किसानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर को हवा तेज चल रही थी, हवा के साथ आग और बढ़ गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की विकरालता की चपेट में रामवीर, धर्मवीर और राजपाल के खेत भी आ गए। किसानों की लगभग 17 बीघा से अधिक फसल जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी पटियाली तहसील प्रशासन को दी गई। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर पहुंचकर क्षति के आंकलन कर और आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल रजनीश ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। क्षति का आंकलन कर आख्या एसडीएम को दी है।

किसानों की लगभग 17 बीघा गेहूं की फसल अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आकर राख हुई है। किसानों को क्षति हुई है। आंकलन कराया गया है। नियमानुसार पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा- कुलदीप कुमार सिंह, एसडीएम पटियाली।

ये भी पढ़ें- कासगंज : डिवाइडर के मध्य आने जाने के लिए खोला जाए रास्ता, स्थानीय लोगों की पालिका अधिकारियों से हुई कहासुनी 

संबंधित समाचार