राहुल गांधी अस्वस्थ, रांची में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में शामिल नहीं होंगे: जयराम रमेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी रांची में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में भाग नहीं ले पाएंगे क्योंकि वह ‘‘बीमार हैं और फिलहाल नयी दिल्ली से बाहर जाने में असमर्थ हैं।’’

रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मध्य प्रदेश के सतना में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में शामिल होंगे। कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी रमेश ने कहा, ‘‘राहुल गांधी आज सतना और रांची में चुनाव प्रचार करने के लिए पूरी तरह तैयार थे, जहां ‘इंडिया’ की रैली आयोजित की जा रही है। वह अचानक बीमार हो गए और फिलहाल नयी दिल्ली से रवाना होने में असमर्थ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी सतना में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में हिस्सा लेंगे।’’ खरगे के अलावा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना के रविवार को रांची में ‘उलगुलान न्याय’ रैली को संबोधित करने की उम्मीद है जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा। प्रभात तारा मैदान में होने वाली रैली में ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के नेता हिस्सा लेंगे।

ये भी पढ़ें- 'पूरे पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल, गुंडों का है बोलबाला', राजनाथ ने ममता पर बोला हमला

संबंधित समाचार