लखीमपुर खीरी: घर के बाहर छुपे तेंदुए ने किया हमला, तीन लोग घायल...अस्पताल में भर्ती

हमले के बाद घर में घुसा, तेंदुआ देख भागे परिजन 

लखीमपुर खीरी: घर के बाहर छुपे तेंदुए ने किया हमला, तीन लोग घायल...अस्पताल में भर्ती

निघासन (लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। शुक्रवार की सुबह घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे तीनों लोग घायल हो गए। शोर होने पर तेंदुआ पड़ोस के एक घर में घुस गया और भूसा भरे कमरे में जाकर बैठ गया। इससे घर के सदस्यों में हड़कंप मच गया। तेंदुआ देख लोग घरों से भाग निकले। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही है। सभी घायलों को सीएचसी निघासन में भर्ती कराया गया है। 

गांव गोबिंदनगर निवासी बलविंदर सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे अपने परिवार के ही जोगा सिंह और बलदेव सिंह के साथ घर के पास खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच छुपे बैठे तेंदुए ने पीछे से हमला कर तीनों लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोरशराबा होने पर जब परिवार व आसपास के लोग दौड़े तो हमला कर वह पड़ोस के एक घर में घुस गया और भूसा भरे एक कमरे में जाकर बैठ गया। 

तेंदुआ घर में देख मौजूद परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी लोग चिल्लाते हुए घर से भागकर अपनी जान बचाई। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी डंडे लेकर घर को घेर लिया और वन विभाग को सूचना दी। आधी अधूरी तैयारी के साथ चार वनकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर बितर कर तेंदुए को घर से भगाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर घायलों को सीएचसी निघासन में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: कुंडल छीनकर भागे युवक को लोगों ने दबोचा, सिर मुंडवाकर पुलिस को सौंपा