बरेली: जिले में मकान बनाने वाले पुलिसकर्मी भेजे जाएंगे गैर जनपद
बरेली, अमृत विचार। जिले में नौकरी करते-करते अपना घर बनाने वाले पुलिसकर्मी अब जिले में नौकरी नहीं कर सकेंगे। पुलिस में भ्रष्टाचार को कम करने के लिए अधिकारियों ने उनकी लिस्ट तैयार करवाई है। जिस दरोगा, सिपाही, इंस्पेक्टर आदि का मकान जिले में है उसे जल्द ही गैरजनपद भेज दिया जाएगा। डीआईजी राजेश कुमार पांडेय …
बरेली, अमृत विचार। जिले में नौकरी करते-करते अपना घर बनाने वाले पुलिसकर्मी अब जिले में नौकरी नहीं कर सकेंगे। पुलिस में भ्रष्टाचार को कम करने के लिए अधिकारियों ने उनकी लिस्ट तैयार करवाई है। जिस दरोगा, सिपाही, इंस्पेक्टर आदि का मकान जिले में है उसे जल्द ही गैरजनपद भेज दिया जाएगा।
डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और बरेली के एसएसपी को पत्र लिखकर आदेश दिए हैं कि उनके जिले में तैनात जिन इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाहियों ने अपने मकान बना लिए हैं और वह उसमें रह रहे हैं तो उनकी सूची तैयार की जाए। साथ यह भी पता किया जाए कि उनके और उनकी पत्नी और बच्चों के नाम पर भी मकान या अन्य संपत्ति तो नहीं है। जल्द ही इसकी लिस्ट डीआईजी को मिल जाएगी। इसके बाद इन सबका तबादला गैरजनपद के लिए कर दिया जाएगा। यदि किसी पुलिसकर्मी ने झूठी सूचना दी तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में हैं 50 से अधिक पुलिस कर्मी
बरेली जिले में तैनात इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाहियों में से 50 से अधिक लोगों ने अपने मकान बना लिए हैं। साथ ही वह अपने ही मकान में रह भी रहे हैं। लिस्ट आने के बाद जिले से इनका भी तबादला कर दिया जाएगा।
“जिन लोगों ने जिले में नौकरी के दौरान अपना मकान बना लिया है उन्हें तत्काल गैरजनपद स्थानांतरित किया जाएगा। सूचना मिली है कि कई पुलिसकर्मियों ने रेंज में अपने मकान बना लिए हैं और वह ड्यूटी के दौरान अपने घरों में जाते हैं।” –राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी
