लखीमपुर खीरी: बच्चे न होने पर महिला को जिंदा जलाने की कोशिश, देवर ने की छेड़छाड़...रिपोर्ट दर्ज
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शादी के 11 साल बाद भी बच्चे न होने पर विवाहिता ने ससुरालीजनों पर मारपीट करने और देवर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसके ऊपर डीजल डाल दिया और आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालीजनो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना निघासन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी को 11 साल हो गए हैं। उसके बच्चे नहीं हुए। इस पर पति, देवर व सास आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। महिला ने अपनी जांच कराई तो कोई कमी नहीं निकली। यह बात जब उसने अपने पति और सास को बताई तो उन्हीं के सामने देवर सफी उर्फ गोलू ने छेड़छाड़ कर जोर जबरदस्ती करने की कोशिश की। शोर करने पर पास के लोग आ गए। तब किसी तरह से उसने अपने देवर से इज्जत बचाई। देवर ने कई बार गलत हरकत की। परेशान होकर वह मायके आई। उसने अपने पिता भाई को पूरी बात बताई। महिला ने परिवार न्यायालय में सभी आरोपियों के खिलाफ वाद दायर किया।
इस पर आरोपियों ने कभी भी गलत हरकत कर परेशान न करने की कसम खाई और सुलह समझौता कर लिया। इस पर वह ससुराल वापस आ गई। आरोप है कि उसे आए दिन कमरे में बन्द करके मारने पीटने लगे। 29 अप्रैल की रात करीब 12 बजे सभी आरोपियों ने कमरे में बंद कर उसे बेल्टों से मारा पीटा। पति आरिफ, देवर मोहम्मद सफीक उर्फ (गोलू) व सास सारा ने उस पर डीजल डाल दिया। जिंदा जलाने के लिए माचिस की तीली जलाने लगे। किसी तरह से अपनी जान बचा कर भाग निकली। पीड़ित महिला की तहरीर पर थाना निघासन पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: अफसरों की जवाबदेही से बचने के लिए पुलिस आजमा रही नए हथकंडे
