रामपुर : कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने पलायन का इरादा टाला, घरों की दीवारों पर चस्पा किए गए पोस्टर भी हटाए

घोसीपुरा-पट्टी कलां में लोगों ने शनिवार को घरों पर लगा दिए थे पोस्टर

रामपुर : कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने पलायन का इरादा टाला, घरों की दीवारों पर चस्पा किए गए पोस्टर भी हटाए

घोसीपुरा-पट्टीकलां में ग्रामीणों से वार्ता करते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी।

मसवासी ( रामपुर ), अमृत विचार। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने के आश्वासन पर पीड़ित पक्ष के लोग मान गए हैं। उन्होंने गांव से पलायन करने का इरादा भी टाल दिया है। पीड़ित पक्ष के लोगों ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए घरों की दीवारों पर चस्पा किए गए पलायन करने के पोस्टर भी हटा दिए हैं।
क्षेत्र के गांव घोसीपुरा-पट्टीकलां निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष दिनेश सैनी की 30 अप्रैल को मामूली बात पर कहासुनी के बाद कई लोगों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी थी। उसे बचाने आए भाई और पिता से भी मारपीट की गई थी।

महिलाओं को हथियारों से डराते हुए पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। भाजपा बूथ अध्यक्ष के पिता नेतराम सैनी ने पुलिस को नामजद तहरीर को देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने दो आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। इसके कुछ घंटे बाद ही गांव पहुंचे आरोपियों ने फिर से भाजपा बूथ अध्यक्ष को पीट दिया था। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न करने से क्षुब्ध पीड़ित परिवारों ने गांव से पलायन करने का इरादा बनाते हुए शनिवार को अपने घरों की दीवारों पर पुलिस-प्रशासन हाय-हाय और पलायन करने से संबंधित पोस्टर चस्पा कर दिए थे। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

रविवार की सुबह गांव पहुंचे सीओ स्वार संगम कुमार, कोतवाल संदीप त्यागी, नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह और चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार मान गए। उन्होंने गांव से पलायन करने का इरादा टाल दिया है। सीओ संगम कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी रिजवान और शादाब को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

ये भी पढ़ें : रामपुर: एसओजी टीम ने सोना तस्करों के घरों पर दी दबिश, मचा हड़कंप