बदायूं: सुबह-शाम पड़े वोट, दोपहर में केंद्रों पर पसरा रहा सन्नाटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुबह तेज गति से हुआ मतदान दोपहर में हो गया था धीमा, शाम को बड़ी रफ्तार

बदायूं,अमृत विचार: गर्मी का सितम जारी है। तेज धूप के कारण मौसम सुबह से ही गर्म रहा। रही सही, कसर गर्म हवाओं ने पूरी कर दी। भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। इस प्रभाव मतदान के समय देखने को मिला। सुबह के समय जहां बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। वहीं दोपहर में पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया। शाम करीब चार बजे मौसम में नरमी आने पर फिर से बूथों पर रौनक लौटी। मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाला और देशहित में अपना फर्ज निभाया।  

सुबह सात बजे के बाद से सूर्यदेव के तेवर तल्ख रहे। दस बजे के बाद ऐसी स्थिति हो गई कि लोगों के प्यास के मारे हलक सूखने लगे। धूप से बचने के लिए उन्हें पेड़ों की छांव में शरण लेनी पड़ी। तेज धूप के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस ओर न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दस बजे के बाद मौसम गर्म होने का असर मतदान प्रक्रिया पर देखने को मिला। सुबह नौ बजे तक मतदान केंद्रों के बाहर वोट डालने के लिए लोगों की कतारें लगी हुई थीं।

जैसे ही मौसम गर्म हुआ वैसे ही लोगों की संख्या बूथों पर कम होने लगी। एक बजे से दो बजे तक मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसर गया। लोग घरों में कैद हो गए। जिसके कारण सड़कों के साथ ही गली मोहल्लों में भी सन्नाटा पसर गया। जिसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुबह नौ बजे तक बदायूं संसदीय सीट पर 12 प्रतिशत मतदान हुआ था। जो कि 11 बजे तक 26.02 जा पहुंचा। इसके बाद मतदान प्रतिशत घट गया।

11 बजे से एक बजे के बीच मात्र आठ प्रतिशत ही मतदान में वृद्धि हुई। एक बजे तक 34.97 प्रतिशत मतदान हो सका। शाम को तीन बजे के बाद सूर्यदेव के तेवर कुछ ढीले पड़े इसके बाद लोगों ने घरों से निकलना शुरू किया। शाम पांच बजे तक 52.77 प्रतिशत मतदान हुआ।

ये भी पढ़ें- बदायूं: ईवीएम हुई खराब, एसडीएम ने पहुंचकर दूर की दिक्कत, फिर शुरू हुआ मतदान

संबंधित समाचार