रेलवे पर्यवेक्षकों के लिए “टाइम एण्ड स्ट्रैस मैनेजमेंट” विषय पर कार्यशाला,कर्मचारियों का तनाव होगा कम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ अमृत विचार । पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय के बहुउद्देशीय हाल में बुधवार को डीआरएम आदित्य कुमार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के संयोजन से रेलवे पर्यवेक्षकों के लिए “टाइम एण्ड स्ट्रैस मैनेजमेंट” विषय पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ किया गया।
 
कार्यशाला के प्रथम दिवस पर वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव ने कहा कि भारतीय रेलवे भारत में सबसे बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र का उद्योग है। उद्योग की सफलता मुख्य रूप से उसके कर्मचारियों पर निर्भर करती है। लेकिन कार्यक्षेत्र में कार्य के दौरान उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी परिप्रेक्ष्य में रेलवे कर्मचारियों के व्यवसायिक तनाव का अध्ययन करना आवश्यक है, तनाव को कम करने एवं इसे नियंत्रित करने के लिए इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन आवश्यक है। क्योंकि काम के तनाव से पारिवारिक समस्याएं, स्वास्थ्य समस्याएं (मानसिक स्वास्थ्य और शारीरिक स्वास्थ्य), सामाजिक समस्याएं हो सकती हैं। कर्मचारी का स्वास्थ्य, काम से काफी हद तक प्रभावित होता है, और काम कर्मचारियों के स्वास्थ्य से भी प्रभावित होता है। जिससे पीड़ित व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र व पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने के लिए संघर्ष करते हैं।
 
इस कार्यशाला में सभी विभागों के (कार्मिक, टीआरडी, वाणिज्य, परिचालन, विद्युत,सामान्य, सिगनल एवं दूरसंचार, इंजीनियरिंग, यांत्रिक भण्डार तथा जनसम्पर्क विभाग) के सुपरवाईजर्स पर्यवेक्षकों को गगन कुमार, चेंज मैनेजमेंट एवं ट्रांसफॉर्मेशन विशेषज्ञ ने “टाइम एण्ड स्ट्रैस मैनेजमेंट” से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसके तहत लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली विकसित करना, योजना प्राथमिकता का निर्धारण, संवाद के विभिन्न माध्यमों द्वारा वांछित उद्देश्य की प्राप्ति और प्रभाव स्थापित करना, दायित्यों का पूर्ण निर्वाहन, प्रतिकूल परिस्थितियों, व्यक्तियों का सामना करना निजी व्यवसायिक जीवन में तालमेल बनाये रखने सम्बंधित विषयों पर चर्चा की गई।

संबंधित समाचार