बाराबंकी : राष्ट्रीय महामंत्री ने विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देने के सिखाए गुर, बूथ मैनेजमेंट की समझाईं बारीकियां 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी अमृत विचार। हिंद मेडिकल कॉलेज के सभागार में  बुधवार को भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक आयोजित हुई। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। बूथ मैनेजमेंट की बारीकियां समझाईं। बैठक में वह अभिभावक की भांति कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। साथ ही किन किन मुद्दों पर विपक्ष को घेरना है उस पर बिंदूवार चर्चा की।

उन्होंने मोदी सरकार के विकास कार्यों के साथ साथ विपक्ष के भ्रामक प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के गुर भी सिखाए। उन्होंने कहा अबकी बार 400 सिर्फ नारा नहीं है, बल्कि हर भाजपा कार्यकर्ता का लक्ष्य है। इसे हासिल करने के लिए रामलला का आशीर्वाद और मोदी का कुशल नेतृत्व हमारे साथ है।


उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से मैं, मेरा परिवार और अन्य तीन परिवार को शत प्रतिशत मतदान करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत जितना अधिक होगा, भाजपा की जीत का अंतर भी उतना अधिक होगा। जब प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के नेतृत्व में भाजपा  की देश में पहली बार सरकार बनी तो अब्दुल कलाम देश के राष्ट्रपति बने, जबकि 2014 में पूर्ण बहुमत की भाजपा की दूसरी बार बनी सरकार में अनुसूचित वर्ग के रामनाथ कोविंद  एवं 2019 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर एक आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनीं।

्येर भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि भाजपा हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। भाजपा की सभी योजनाएं गरीब कल्याण को समर्पित रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अबकी बार देश में दक्षिण से उत्तर तक एवम पूरब से पश्चिम तक सभी जगहों पर कमल खिलेगा। जिससे 2047 तक विकसित राष्ट्र का सपना हकीकत में बदलेगा। बीएल संतोष ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और गुंडई के चलते 2017 के पहले प्रदेश में इन्वेस्टमेंट शून्य था, मगर अब भाजपा सरकार में चुस्त दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते  इन्वेस्टमेंट के मामले में यूपी देश का अग्रणी प्रदेश बन गया है।

रामलला को 27 वर्ष तक टेंट में रखने व राम के अस्तित्व को नकारने वाली कांग्रेस को जनता इस चुनाव सबक सिखाएगी। बी श्रेणी के बूथों को ए श्रेणी के बूथों में लाने के लिए चुनाव से पूर्व  कम से कम दो बार प्रत्येक घर में संपर्क करने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत भाजपा के संस्थापकों के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन से हुई। लोकसभा विस्तारक एवम सभी विधानसभा के संयोजकों से उन्होंने क्रमवार चुनाव अभियान के वृत्त पूछे। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय, जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, लोकसभा प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा, भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत, लोकसभा विस्तारक यश मिश्रा सहित सभी शक्ति केंद्र संयोजक एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

कोर कमेटी की बैठक संपन्न

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बंद कमरे में वार्ता करके चुनाव तैयारियों की समीक्षा की व आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर सांसद उपेंद्र सिंह रावत, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, पूर्व सांसद प्रियंका रावत, प्रत्याशी राजरानी रावत, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, डॉक्टर रामकुमारी मौर्य और अमरीश रावत समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

 

 

संबंधित समाचार