रायबरेली: प्रियंका ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- हमारी विरासत शहादत की है, हम संविधान को आंच नहीं आने देंगे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायबरेली, अमृत विचार। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भांव में नुक्कड़ सभा में भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि आज भाजपा संविधान क्यों बदलना चाहती है, क्योंकि वो आपके अधिकारों को कुचलना चाहती है। वो आरक्षण को कुचलना चाहती है। भाजपा आवाज दबाने की हरसंभव कोशिश कर रही है। उन्होंने राहुल भैया को परेशान किया। उनकी सदस्यता छीनी। उनका घर छीना। लेकिन वो पीछे नहीं हटे। हमारी विरासत शहादत की है। 

भाजपा चाहे कुछ भी कर ले लेकिन हम संविधान को आंच नहीं आने देंगे। संविधान के लिए हर कुर्बानी को तैयार। नहीं बदलने देंगे भाजपा को संविधान। इससे पहले प्रियंका गांधी ने मुंशीगंज, रायबरेली स्थित किसान शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद किसानों को याद करते हुए कहा कि 1920-21 के असहयोग आंदोलन के दौरान अवध में किसान आंदोलन छिड़ गया। 

यह आंदोलन बाबा रामचंद्र और मदारी पासी के नेतृत्व में चला था। आंदोलन के दौरान रायबरेली के मुंशीगंज में भयानक गोलीकांड हुआ। 7 जनवरी 1921 को सई नदी के पुल पर किसानों को घेरकर गोलियों से भून दिया गया था। इसकी सूचना मिलने पर पंडित मोतीलाल नेहरू और जवाहरलाल नेहरू जी रायबरेली पहुंचे थे और पीड़ित किसानों से मुलाकात की। 

इस नरसंहार के यह आंदोलन और तेज हुआ तो मोतीलाल नेहरू और जवाहरलाल नेहरू को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में शहीद किसानों की याद में यहां पर शहीद स्मारक बनाया गया। 1921 में रायबरेली की जनता के साथ शुरू हुआ कांग्रेस का यह रिश्ता आजतक कायम है। राजापुर की नुक्कड़ सभा में प्रियंका गाँधी ने कहा कि राहुल गाँधी जी सत्याग्रह का संकल्प लेकर 4000 किमी पैदल चले।

 उन्होंने जनता के मुद्दे उठाए। लोगों की आवाज सुनी। दूसरी तरफ देश के प्रधानमंत्री हैं। आम लोगों से कट चुके हैं। लोगों की बात नहीं सुनते। अपने महल से निकलते नहीं। रायबरेली ने हमेशा सत्याग्रह की आवाज उठाई है। रायबरेली सत्य का झंडा बुलंद करेगा।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: अमृत सरोवर योजना हुई बदहाल, लाखों खर्च कर खुदे तालाब, अब एक बूंद पानी भी नहीं

संबंधित समाचार