RSS विभाग प्रमुख ने मतदाता जागरूकता का दिया सन्देश, कहा-हमें जाति-धर्म और वर्ग देख नहीं करना चाहिए मतदान    

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मतदाता जागरूकता के जरिए भाजपा को मजबूती दे रहा ‘संघ‘, राणा प्रताप महाविद्यालय में हुआ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

सुलतानपुर, अमृत विचार। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के बहाने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भाजपा के पक्ष में जमीन तैयार करने और पार्टी की स्थिति का आकलन करने में जुटा है। महाविद्यालयों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों के बीच जाकर संघ के पदाधिकारी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करा रहे हैं और इसी के साथ मतदाताओं की नब्ज भी टटोल रहे हैं। राष्ट्रहित, जाति, धर्म से ऊपर उठकर मतदान करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। 

शनिवार को राणा प्रताप पीजी कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रमुख श्रीप्रकाश ने कहा कि  समाज में जहां-जहां अज्ञानता एवं उदासीनता है वहां हमारी भूमिका उदासीनता दूर करने की होनी चाहिए। लोकतांत्रिक प्रक्रिया का शुभारंभ हुआ है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत को और सशक्त बनाने में हमारी भूमिका क्या है?  यह हमें तय करना होगा। समाज के जागरूक नागरिक होने के नाते हमारी भूमिका हमें अनिवार्य रूप से निश्चित करनी होगी। हमारी भूमिका समाज को जगाने की रही है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उदासीन लोग यह सोचते हैं कि यह चुनाव राजनीतिक दलों के लिए है, हमारा कार्य नौकरी करना, परिवार चलाना है। युवा मतदाताओं का मतदान प्रतिशत कम होता जा रहा है। जो चिंतनीय है। वो मतदाता बन तो गए हैं पर मतदान नहीं करते।  हमें जाति धर्म ,वर्ग, देख मतदान नहीं करना चाहिए। समाज का आम नागरिक देश के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। कहा कि इस चुनाव में अब हम मतदाता तो नहीं बना सकते पर जो मतदाता हैं उन्हें बूथ तक अवश्य ले जाएं। मतदान से समाज ,संस्कृति ,देश कैसे सुरक्षित होगी यह ध्यान में रखकर करना चाहिए। समाज मे लोगों से संवाद कर मतदान प्रतिशत बढ़ाये। 

यहां क्षत्रिय एजुकेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह एडवोकेट, प्राचार्य प्रो डीके त्रिपाठी, महाविद्यालय के प्रबंधक बालचंद सिंह एडवोकेट, महात्मा गांधी स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक प्रो. विनोद सिंह, धनंजय सिंह मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल के प्रबंधक रमेश सिंह टिन्नू आदि ने भी संबोधित किया। संचालन एमजीएस इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह ने किया। 

ये भी पढ़ें -‘मतदान भी, सावधान भी’.., अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिया संदेश, कहा- हमारी ये अपील याद रखें...

संबंधित समाचार