लखीमपुर खीरी: CM योगी का फोटो लगाकर नौकरी के नाम पर 12 लाख की ठगी, कंपनी के तीन लोगों पर FIR 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: सदर कोतवाली पुलिस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगाकर बेरोजगार युवाओं से नौकरी के नाम पर 12 लाख रुपये ठगने के मामले में कंपनी के तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की है। 

दो दिन पहले एसपी कार्यालय पहुंचे युवक और युवतियों ने एसपी को तहरीर देकर बताया था कि आरकेडी नाम की कंपनी का अप्रैल महीने में कार्यालय लालपुर बैरियर के पास खोला गया था। खुद को कंपनी का अधिकारी बताने वालों ने बताया का था कि कंपनी तरन तारन पंजाब की है। युवाओं का कहना था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगाकर कंपनी के कथित अधिकारियों ने बताया कि डीएम से सेनेटरी पैड पैकिंग की अनुमति मिल गई है। 

जिस पर उन्होंने भरोसा कर लिया और शुल्क जमा कर आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की फोटो कापी भी जमा कर दी, लेकिन यह पूरा मामला फर्जी निकला। कंपनी ने 5230 महिलाओं को समूह के रूप में जोड़ा। इसके अलावा 70 कर्मचारियों की भर्ती की गई। प्रति कर्मचारी से 250 रुपये और प्रति महिला से 220 जमा कराए गए। कर्मचारियों को प्रतिमाह नौ से 15 हजार रुपये तक मानदेय देने की बात अधिकारियों ने कही थी। 

महिलाओं को सेनेटरी पैड की पैकिंग करनी होगी। तीन मई में को जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि अधिकारी यहां से चंपत हो गए हैं। पहले वह लोग रिपोर्ट दर्ज करने के लिए सदर कोतवाली पहुंचे। वहां तहरीर दी। इसके बाद एसपी दफ्तर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। 

एसपी के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने गाजीपुर के रमवीपुर निवासी सुधांशु यादव, बिहार के बनियापुर सरन निवासी निरंजन कुमार बिहार के बक्सर जिले के गांव ब्रह्मापुर निवासी अभिषेक सिंह और लखनऊ निवासी चालक सुनील कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी व अमनात में खयानत की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच एसआई पशुपति नाथ तिवारी को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: हाईटेंशन लाइन पर काम करने गए कर्मचारी को पीटा, भागकर बचाई जान

संबंधित समाचार