बदायूं: किताब न पढ़ पाने पर कक्षा एक के बच्चे को पीटा, मदरसा प्रबंधक पर रिपोर्ट दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बच्चे की पिटाई पर उसकी मां ने प्रबंधक से की शिकायत तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी

बदायूं, अमृत विचार। कक्षा एक के बच्चे के किताब न पढ़ पाने पर मदरसा के प्रबंधक ने उसे लात-घूंसे और डंडे से बुरी तरह पीटा। बच्चे की मां ने शिकायत की। आरोप है कि प्रबंधक ने मां को भी धमकाया। बच्चे की मां की तहरीर पर मदरसा के प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

अलापुर थाना क्षेत्र के गांव उरौलिया निवासी सीमा पत्नी आतिफ ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका सात साल का बच्चा शबी गांव के मदरसा अलमजीद पब्लिक स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता है। 4 मई को बच्चा पढ़ने के लिए मदरसा गया था। मदरसा के प्रबंधक गांव निवासी नजीरुल हसन पुत्र दूल्हे मियां ने शबी को किताब देकर कुछ पढ़वाया। जो शबी नहीं पढ़ सका। आरोप है कि इससे नाराज नजीरुल हसन ने शबी को लात-घूंसे और डंडे से बुरी तरह पीटा। शबी घर आया। अपने परिजनों को जानकारी दी। शबी के पीठ पर चोट के निशान थे। 

सीमा ने शबी की पीठ का फोटो खींचा और मदरसा जाकर प्रबंधक से शिकायत की। नजीरुल हसन ने धमकाया कि पढ़ाना है तो पढ़ाओ वह ऐसे ही मारेंगे। ज्यादा बोला तो नाम भी काट दूंगा। आरोप है प्रबंधक ने जान से मारने की धमकी दी। सीमा ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सीमा ने शबी की चोट दिखाईं। थाने जाकर तहरीर देने को कहा। सीमा थाने पहुंची। पुलिस ने शबी का मेडिकल कराया। उनकी तहरीर पर मदरसा प्रबंधक के खिलाफ मारपीट और धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: आंगन में सो रहा था परिवार, दीवार काटकर हजारों की चोरी

संबंधित समाचार