Kannauj: लोहे के 25 यात्री शेड बनाने में खर्च हो गए एक करोड़ रुपये, सपा नेता ने कहा- निर्माण कार्य की लागत कई गुना ज्यादा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कन्नौज, अमृत विचार। जिले में 25 स्थानों पर लोहे के यात्री शेड (प्रतीक्षालय) बनवाए गए हैं। इन पर भाजपा सांसद सुब्रत पाठक की निधि से एक करोड़ एक लाख 75 हजार रुपये खर्च कर दिए गए। सुनने में अजीब लगेगा लेकिन पांच गुणा ढाई मीटर जगह में बने एक-एक शेड के निर्माण की लागत चार लाख सात हजार रुपये आई है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि सांसद निधि से कराए गए कार्यों की सूची से खुलासा हुआ है। 

कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के सांसद निधि खर्च की सूची में बताया गया है कि यात्री शेड का निर्माण कार्य कराने वाली संस्था यूपीएसआईसी कानपुर है। वर्ष 2022-23 में इनका निर्माण कार्य हुआ है। सूची के मुताबिक पहली किस्त के रूप में एक-एक शेड के लिए दो लाख 44 हजार रुपये के हिसाब से बजट भी कार्यदायी संस्था को जारी किया जा चुका है। 

डीआरडीए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कार्यालय के मुताबिक जसोदा, सिकंदरपुर, जलालपुर, तेराजाकेट, जिला जेल, इंदरगढ़, नदसिया, उमर्दा, मानीमऊ ठठिया तिराहा, हसेरन मुख्य मार्ग, शेरमऊ, बेहरिन, सुर्सी तिराहा, मिरगावां, महमूदपुर, मंडी समिति कन्नौज, तिर्वा क्रॉसिंग, किसान बाजार तिर्वा, सुखसेनपुर, सुर्सी, डीएन इंटर कॉलेज तिर्वा, इंजीनियरिंग कॉलेज विधईपुर्वा, मेडिकल कॉलेज, कन्नौज तहसील के निकट यात्री शेड बनवाए गए हैं। दूसरी ओर पीडी डीआरडीए रामऔतार सिंह का तर्क है कि जनप्रतिनिधि जो प्रस्ताव देते हैं, उसके लिए निधि से बजट जारी हो जाता है। कार्य की प्रगति व गुणवत्ता देखकर भुगतान किया जाता है। 

यात्री प्रतीक्षालय में यह है लगा

पांच गुणा ढाई मीटर जगह में सीमेंटेड चबूतरा बना है। उस पर छह लोहे के पिलर खड़े हैं। छत पर टिनशेड है जो छह लोहे के पाइपों पर टिकी है। बैठने के लिए लोहे की लंबी कुर्सी बनी है। उसके ऊपर टिनशेड है। चौड़ाई में दोनों ओर टिनशेड की तरह लगे तख्तों में यात्री प्रतीक्षालय लिखा है। 

यात्री शेड लोगों को दिखाने के लिए हैं। जो निर्माण कार्य की लागत बताई गई है वह कई गुना अधिक है। मेरे परिवार में भी प्रधान रहे हैं। मैं खुद ब्लॉक प्रमुख हसेरन रहा, 4.07 लाख रुपये की लागत टिनशेड के यात्री प्रतीक्षालय बनाने में नहीं आती है। - उदयराज राजपूत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हसेरन व सपा नेता

यह भी पढ़ें- Kanpur Accident: नीट की तैयारी कर रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार