Bareilly : ''ऑपरेशन दहन'' के तहत तस्करों पर करें सख्त कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

डीआईजी अजय साहनी ने की अपराध समीक्षा बैठक, शामिल हुए चारों जिलों के कप्तान

बरेली, अमृत विचार। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की। बैठक में विशेष रूप से ऑपरेशन दहन के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी पर चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीआईजी ने एनडीपीएस एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई और नशा तस्करों के खिलाफ अभियानतेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीसीटीएनएस प्रणाली में 60 से 90 दिन से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण को कहा गया। डीआईजी ने ई-साक्ष्य ऐप के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए एसआईडी क्रिएशन कर वीडियोग्राफी बयान, फोटो और फॉरेंसिक रिपोर्ट को विवेचनाओं में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु न्यायालय से समन्वय बनाकर इलेक्ट्रॉनिक समन जारी करने और उनकी समयबद्ध तामीला सुनिश्चित करने को कहा गया।

सोशल मीडिया निगरानी, अफवाहों के त्वरित खंडन और मीडिया–पुलिस समन्वय को मजबूत करने पर भी निर्देश दिए गए। यक्ष ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त जीएसटी चोरी से जुड़े मामलों की विवेचना, साइबर अपराध नियंत्रण, साइबर हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी हेतु ‘जीरो फेटालिटी डिस्ट्रिक्ट’ अभियान को गति देने को कहा।

जिले में 60 करोड़ से अधिक की नशे की खेप भस्म
बरेली, अमृत विचार: पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में मादक पदार्थों के डिस्पोजल एवं विनष्टीकरण हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत बरेली में बड़ी कार्रवाई की गई। गुरुवार को एसएसपी बरेली की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा विभिन्न थानों के 289 अभियोगों में जब्त कुल 1968.520 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई न्यायालय एवं विभागाध्यक्ष से अनुमति प्राप्त करने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी लेकर एनविराड मेडिकेयर प्रा. लि., परसाखेड़ा स्थित इंसीनरेटर के माध्यम से भस्मीकरण विधि द्वारा संपन्न की गई। विनष्टीकृत मादक पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य 60 करोड़ 55 लाख 18 हजार 465 रुपये आंका गया है।

संबंधित समाचार