लखनऊ : मोबाइल छीनकर भागे लुटेरों का पीछाकर युवती ने दौड़ाकर पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महानगर कोतवाली पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार को भेजा जेल

अमृत विचार, लखनऊ। महानगर कोतवाली अंतर्गत बादशाहनगर से ओवरब्रिज पर दिनदहाड़े स्कूटी सवार युवती से तीन बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल छीन लिया। युवती के शोर मचाने पर लुटेरे बाइक में फर्राटा भर वहां से भगाने लगे। युवती ने साहस दिखाते हुए लुटेरों को पीछा किया, फिर उनको दबोच बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। वहीं, सड़क पर मारपीट होता देख राहगीरों ने भी लुटेरों को घेर लिया। इसके बाद राहगीरों ने लुटेरों को पुलिस के हवाले कर दिया। शनिवार को पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर लुटेरों को जेल भेज दिया है।

कैंट थाना अंतर्गत तोपखाना निवासी माही शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी से बादशाहनगर से ओवर ब्रिज से होकर हजरतगंज जा रही थी। लिखित शिकायत में युवती ने बताया कि जैसे ही वह ओवर ब्रिज पर पहुंची तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन लुटेरे उसका मोबाइल छीनकर हजरतगंज की तरफ भाग निकले।

पीछा करने पर निशातगंज चौकी के पास आरोपियों ने स्कूटी को टक्कर मार उसे गिरा दिया। किसी तरह युवती ने लुटेरों को पकड़ लिया। जिसके बाद उसने लुटेरों को सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया। पुलिसकर्मियों ने लुटेरों के पास से युवती का मोबाइल बरामद किया है।  

प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए लुटेरों की पहचान  विभूतिखण्ड थाना अंतर्गत कठौता निवासी कुन्दन राजपूत, सचिन दिवाकर और निखिल राजपूत के रूप में हुई है। तहरीर के आधार पर तीनों पर लूट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार