बदायूं: अनियंत्रित ट्रैक्टर खंती में पलटा, पूर्व प्रधान की दबकर मौत
बदायूं, अमृत विचार: अपने खेत की जुताई करके घर वापस जा रहे पूर्व प्रधान का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया। हादसे में पूर्व प्रधान की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया। वह तीन बार गांव के प्रधान रह चुके हैं।
कोतवाली उझानी के गांव गंगोरा निवासी राजेंद्र पाल तीन बार अपने गांव के प्रधान रह चुके हैं। शनिवार दोपहर वह ट्रैक्टर और हैरो लेकर खेत की जुताई करने गए थे। खेत की जुताई करने के बाद वापस आ रहे थे। राजेंद्र पाल ट्रैक्टर चला रहे थे। रास्ते में सोमवीर के ट्यूबवैल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर पर राजेंद्र पाल के साथ बैठे उनकी पिता शिवपाल ट्रैक्टर से कूद गए।
ट्रैक्टर खंती में पलट गया। पूर्व प्रधान राजेंद्र पाल ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान दौड़कर पहुंचे। ट्रैक्टर सीधा करके राजेंद्र पाल को नीचे से निकाला। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने पूर्व प्रधान को मृत घोषित कर दिया। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया और शव साथ ले गए।
यह भी पढ़ें- बदायूं: किताब न पढ़ पाने पर कक्षा एक के बच्चे को पीटा, मदरसा प्रबंधक पर रिपोर्ट दर्ज
