गोंडा : प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीट कर हत्या
भाई के साली से प्रेम करना पड़ा महंगा,जान देकर चुकानी पड़ी कीमत
मृतक के परिजन की तहरीर पर प्रेमिका समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
उमरी बेगमगंज गोंडा, अमृत विचार। बड़े भाई की साली से प्रेम करना एक युवक को महंगा पड़ गया। प्रेमिका की शादी तय होने की बात सुनकर वह उसके घर पहुंचा तो प्रेमिका को परिजनों ने युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी गैनपुरवा निवासी जसराज दूबे के मुताबिक उसके भाई शिवचरन की ससुराल उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के चंगेरी गांव के रहने वाले भोंदू पांडेय के यहां है। जसराज का कहना है कि उसका दूसरा भाई लालमणि का बड़े भाई शिवचरन की साली तनु से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनो शादी करना चाहते थे। लेकिन तनु के परिवार के लोग राजी नहीं थे। इली बीत परिजनों ने तनु की शादी कहीं अलग तय कर दी। इस बात की जानकारी तनु ने फोन से लालमणि को दी थी। शुक्रवार को लालमणि तनु के घर गया था। वहां तनु के परिजनों ने लालमणि की पीट पीट कर हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
मार पीट की जानकारी मिलने पर जब शिवचरन ने अपने ससुराल फोन किया और अपने ससुर से भाई के बारे में पूछा तो ससुर भोंदू ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। शिवचरन का कहना है कि कुथ देर बाद डायल 112 पुलिस का उलके पास फोन आया। फोन करने वाले ने शिवचरन को बताया कि उसके भाई को अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब वह अस्पताल पहुंचा उसके भाई की मौत हो चुकी थी और उसका शव अस्पताल की मर्चरी में रखा हुआ था।
मामले में मृतक के जसराज ने प्रेमिका तनु समेत उसके पिता भोंदू पांडेय, भाई उमाशंकर पांडेय सौरभ पांडेय, अभिषेक पांडेय व नितिन पांडेय के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी है। थानाध्यक्ष संजीव वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी तरबगंज व अपर पुलिस अधीक्षक ने थाने पहुंचकर वारदात की जानकारी ली और आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
