Kanpur: 36 लाख मतदाता 21 प्रत्याशियों का तय करेंगे भविष्य; कानपुर सीट से 11 और अकबरपुर सीट से 10 प्रत्याशी ठोक रहे ताल
मिश्रिख आंशिक बिल्हौर विधानसभा में 407109 मतदाता करेंगे वोटिंग
कानपुर, अमृत विचार। संसदीय चुनाव में कानपुर और अकबरपुर सीट पर आज 3605479 मतदाता 21 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेंगे। जिसमें कानपुर सीट से 11 और अकबरपुर से 10 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। वहीं मिश्रिख आंशिक बिल्हौर विधानसभा में 407109 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया सोमवार सुबह सात बजे से चालू होगी। शाम छह बजे तक मतदान होगा। जिले के 3614 और रनिया सहित 3998 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव व्यवस्था पर निगरानी के लिए दोनों संसदीय सीटों पर 48 जोनल मजिस्ट्रेट, 304 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 418 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है।
जिसमें कानपुर सीट पर 20 जोनल मजिस्ट्रेट, 122 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 183 माइक्रो आब्जर्वर हैं। वहीं अकबरपुर सीट पर 22 जोनल मजिस्ट्रेट, 141 सेक्टर और 165 माइक्रो आब्वर्जर हैं। जिले में क्रिटिकल मतदान केंद्र 423 और रनिया सहित 443 है। वहीं क्रिटिकल बूथ 867 और रनिया सहित 895 हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया शाम छह बजे जो मतदाता बूथ के अंदर पहुंच जाएंगे, उनका मतदान कराया जाएगा।
मतदान – सुबह 7 से शाम 6 बजे तक
नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद कानपुर सीट से 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इंडिया गठबंधन कांग्रेस से आलोक मिश्रा, बसपा से कुलदीप भदौरिया, भाजपा से रमेश अवस्थी, सभी जन पार्टी से अशोक पासवान, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक से प्रशस्त धीर, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) से वालेंद्र कटियार, प्राउटिस्ट ब्लाक इंडिया से संजय सिंह और निर्दलीय अजय कुमार मिश्रा, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा, मनोज कुमार हैं।
अकबरपुर सीट से मैदान में 10 प्रत्याशी
नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद अकबरपुर सीट से 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा से देवेंद्र सिंह उर्फ भोले सिंह, इंडिया गठबंधन सपा से राजाराम पाल, बसपा से राजेश कुमार द्विवेदी, सभी जन पार्टी से अशोक पासवान, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से चंद्रेश सिंह, राष्ट्रीय जन उत्थान पार्टी से रामगोपाल, राष्ट्रीय संस्कृति पार्टी से विपिन कुमार और निर्दलीय प्रत्याशी प्रेमशीला, योगेश जायसवाल, राजाराम हैं।
पहली बार 55434 वोटर करेंगे मतदान
लोकसभा चुनाव में 18 से 19 आयु वर्ग के 55434 मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। युवाओं को मतदान के प्रति उत्साहित करने के लिए जिले में दो युवा बूथ भी स्थापित किए गए हैं। जहां मतदान कर्मी भी कम उम्र के लगाए जाएंगे।
