बरेली: शहर के पॉश इलाकों में रहने वालों ने किए दावे, वोट नहीं डाले
शहर में सबसे कम 20.95 फीसदी मतदान एमबी कॉलेज के बूथ 126 पर
बरेली, अमृत विचार: शहर के पॉश इलाकों में रहने वाले लोगों ने दावे ही किए लेकिन जब मतदान करने का समय आया तो घरों से बाहर नहीं निकले। शहर विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर मतदान के आंकड़े यही कहानी बयान कर रहे हैं। समस्याओं से जूझ रहे लोगों ने उनकी तुलना में काफी ज्यादा मतदान किया।
लोकसभा चुनाव में नंदौसी वार्ड के गरगइया गांव के लोगों ने मतदान के बहिष्कार का एलान किया था। यहां के लोग गांव तक सड़क न बनने से क्षुब्ध थे। सुबह से दोपहर 12 बजे तक पांच घंटे उन्होंने एक भी वोट नहीं डाला लेकिन जब अफसरों से सड़क बनवाने का वादा किया तो बाकी छह घंटों में ही 69 फीसदी मतदान कर डाला। यहां प्राइमरी स्कूल गरगइया गोकुलपुर में 723 मतदाताओं में से 499 लोगों ने वोट डाले।
तिलक इंटर कॉलेज के बूथ नंबर 85 में ईवीएम खराब होने से एक घंटे मतदान रुका रहा लेकिन ईवीएम ठीक होने के बाद यहां भी 56 फीसदी मतदान हुआ। हार्टमन कॉलेज मतदान केंद्र के आठ बूथों पर गांधीपुरम, द्वारिकापुरम, सिद्धार्थनगर, ग्रेटर कैलाश कॉलोनी आदि इलाकों के वोट पड़ने थे लेकिन लोग मतदान करने ही नहीं निकले। इस मतदान केंद्र पर 43.47 फीसदी ही मतदान हुआ।
सुशीला गिरीश गर्ल्स कॉलेज मतदान केंद्र पर 13 हजार 142 लाेगों के लिए 11 बूथ बनाए गए थे लेकिन लोग बूथ तक नहीं आए। यहां शास्त्री नगर, अशरफ खां छावनी, बांके की छावनी, टेलीफोन कॉलोनी, कुदेशिया एन्क्लेव, शंकर नगर आदि इलाकों के लोगों को वोट डालने थे। यहां 42.13 फीसदी ही मतदान हुआ। तिलक कॉलेज में बने 16 बूथों पर 49 फीसदी मतदान हुआ। कला केंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज के सात बूथों पर भी सिर्फ 41.82 फीसदी मतदान हुआ।
आल्मा मातेर स्कूल के तीन बूथों पर 52 फीसदी और बीबीएल स्कूल मतदान केंद्र के 11 बूथों पर 51.88 फीसदी मतदान हुआ। यहां चौधरी मोहल्ला, अलखनाथ मंदिर के सामने वाला हिस्सा समेत कई मोहल्लों के वोट पड़े थे। सेंट फ्रांसिस स्कूल के बूथ 203 में 39.28 फीसदी और बूथ नंबर 210 में 37.24 फीसदी मतदान हुआ। इज्जतनगर रेलवे कॉलोनी के मतदान केंद्र पर सबसे कम मतदान हुआ। मॉडल जूनियर हाईस्कूल रेलवे कॉलोनी इज्जतनगर के कमरा नंबर एक पर 22.71 फीसदी, कमरा नंबर दो पर 33.27 फीसदी, कमरा नंबर तीन में 33 फीसदी, गर्ल्स स्कूल सेंट्रल जेल के बूथ के कमरा नंबर 35 फीसदी, कमरा नंबर दो पर 22.67 फीसदी मतदान हुआ है।
ये भी पढ़ें- Loksabha Election 2024: भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं ने किया सर्वाधिक मतदान
