Fatehpur Accident: हाईवे पर तीन किसानों को ट्रक ने रौंदा...दो की मौत, एक की हालत बताई जा रही गंभीर
फतेहपुर में हाईवे पर तीन किसानों को ट्रक ने रौंदा
फतेहपुर, अमृत विचार। खागा कोतवाली क्षेत्र के मेवात ढाबा के सामने नेशनल हाईवे पर ट्रक ने ट्रैक्टर की मरम्मत कर रहे तीन किसानों को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में दो किसानों की अस्पताल पहुंचाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं तीसरे घायल किसान को भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हथगाम थाना क्षेत्र के इरादतपुर धर्मंगतपुर निवासी रिंकू सिंह, कज्जल सिंह और बिछहर गांव निवासी शंकर रविवार को असोथर के सातों गांव ट्रैक्टर थ्रेसर लेकर गेहूं की कतराई करने गए थे। जहां से देर रात कतराई करने के बाद वापस लौट रहे थे।
तभी हाईवे में मेवात ढाबा के पास ट्रैक्टर में कुछ खराबी आ गई तो हाईवे किनारे ट्रैक्टर खड़ा कर वह ट्रैक्टर की मरम्मत करने लगे। तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को रौंद दिया और मौके से भाग निकला। ढाबे में मौजूद लोगों ने हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर खागा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को हरदों सीएचसी भेजा। जहां डाक्टर ने रिंकू सिंह और शंकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं कज्जल को जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा रहा। वहीं पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ये भी पढ़ें- CBSE Result 2024: कानपुर में 12वीं में शारदीय मंडल ने शहर में किया टॉप, बोली- कूल माइंड होकर पढ़ाई करना चाहिए
