Agra News: पति ने नहीं दिलाया 5 रुपये वाला 'कुरकुरे'...नाराज पत्नी चली गई मायके, पुलिस के पास पहुंचा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

demo image

आगरा। यूपी के आगरा से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां पति ने पत्नी को 5 रुपये का कुरकुरे का पैकेट दिलवाने से मना कर दिया जिससे पत्नी नाराज हो गई। गुस्साई पत्नी ससुराल छोड़कर मायके चली गई और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। बता दें युवती शाहगंज की रहने वाली है और उसकी शादी साल 2023 में सदर क्षेत्र में हुई थी। उसे कुरकुरे खाने का काफी शौक था।

पत्नी ने जब पति से कुरकुरे खाने की फरमाइश की तो उसने नहीं दिलाए। इस बात पर दोनों के बीच खूब झगड़ा हुआ और बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक जा पहुंची। गुस्से में आई पत्नी अपने पति के घर को छोड़कर मायके चली गई। 

पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी और पुलिस ने मामला परिवार परामर्श केंद्र को भेज दिया। शनिवार को दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया। इस बीच काउंसलर ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता करवाने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं बन पाई। दोनों को अगली तारीख दे दी गई है और हो सकता है कि मामला सुलझ जाए।

काउंसलर ने जानकारी दी कि युवती का पति चांदी का काम करता है और पत्नी को शादी से पहले ही कुरकुरे खाने की आदत थी। पत्नी ने बताया कि शादी के छह महीने तक पति ने उसका काफी ख्याल रखा लेकिन अब उसके तेवर काफी बदल गए हैं। छोटी-छोटी फरमाइश भी वह पूरी नहीं करता और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता है। उसने यह भी बताया कि जब दो महीने पहले पांच रुपये के कुरकुरे के लिए बोला तो मना कर दिया और मारपीट तक कर दी।

वहीं पत्नी ने आरोप लगाया कि पति उसे खर्चे के पैसे नहीं देता और बेवजह मारपीट करता है। दूसरी तरफ पति का कहना है कि सिर्फ पांच रुपये के कुरकुरे के पीछे पत्नी ने लड़ाई की थी। जब कुरकुरे लाने के लिए मना कर दिया तो वह नाराज हो गई और झगड़ा करने लगी। वह नाराज होकर मायके चली गई।

ये भी पढ़ें- आगरा: पति ने पत्नी की सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस 

 

संबंधित समाचार