लखनऊ : झारखंड से बरेली पहुंचाई जा रही थी अफीम की खेप
30 लाख की अफीम के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
यूपी स्पेशल टॉस्क फोर्स ने चारबाग रेलवे स्टेशन से महिला तस्कर को पकड़ा
अमृत विचार, लखनऊ। यूपी स्पेशल टॉस्क फोर्स ने मंगलवार को चारबाग रेलवे स्टेशन से भारी मात्र में अफीम के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब 30 लाख रुपये कीमत से भी ज्यादा अफीम मिली है। फिलहाल, स्पेशल टास्क फोर्स महिला तस्कर से पूछताछ करने में जुटी है।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक विमल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्त में आई महिला तस्कर की पहचान झारखंड निवासी प्रमिला के रूप में की गई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह चोरी-छिपे मादक पदार्थ की तस्करी झारखंड के हजारीबाग से करती थी। जिसके बाद वह बरेली में मादक पदार्थों की खेप पहुंचाती थी। इस काम के एवज में उसे 10 हजार रुपये मिलते हैं।
उसने बताया कि मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त का काम झारखंड निवासी ओमवीर करता है। ओमवीर गैंग का सरगना है। वर्तमान में वह बरेली के किसी मोहल्ले में रहता है। सूत्रों की मानें तो, ओमवीर कई तस्करों के सम्पर्क हैं। वह झारखंड से अफीम की खेप मंगवा पड़ोसी जनपदों में ऊंची कीमत में बेचता हैं। ओमवीर का नेटवर्क झारखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा में भी फैला है।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर स्पेशल टास्क फोर्स, एनसीबी और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने मंगलवार को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02 और 03 पर महिला तस्कर को पकड़ा है। तलाशी के दौरान महिला के पास से करीब 30 लाख रुपये कीमत से भी ज्यादा अफीम मिली है। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी करने के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही मादक पदार्थों के सौदागरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
