रायबरेली : दबंगों ने ढाबे पर बैठे युवक पर झोंका फायर, बाल-बाल बची जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमावां, रायबरेली, अमृत विचार। मिल एरिया थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर रोड पर स्थित एक ढाबे पर बैठे एक युवक की तलाश में कार से आए दो दबंगों ने युवक को देखते ही फायर झोंक  दिया। गनीमत रही की गोली युवक को नहीं लगी। मौके पर जमा भीड़ को देखकर हमलावर युवक कार से मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। युवक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।

थाना क्षेत्र के पूरे छेदी गांव निवासी शशिकेश यादव सोमवार की शाम रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर बैठा था, तभी उसकी तलाश में आए एक कार से दो युवकों ने उसे देखकर गाड़ी रोकी और उतरते ही गोली चला दी। गनीमत रही कि शशिकेश यादव बाल-बाल बच गया, तभी ढाबे पर मौजूद भीड़ को देखकर हमलावर युवक कार से मौके से भाग निकले।

आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस में छानबीन शुरू की। शशिकेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और रात करीब 11 बजे हमलावर युवक शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर के प्रतीक यादव व थाना क्षेत्र के सम्राट नगर पीएसी कॉलोनी के विनीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विनीत सिंह के पास से एक तमंचा भी बरामद किया।

इस संबंध में इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर चार-पांच दिन पहले मारपीट हुई थी। मारपीट की रंजिश में ही दोनों युवक शशिकेस यादव को ढूंढने निकले थे और ढाबे पर मिलते ही उसके ऊपर फायर कर दिया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। शशिकेश की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी विनीत सिंह व प्रतीक यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार