बरेली: गांवों में खेतों में मिली नदी की भूमि, शहरी क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलरों का कब्जा
बरेली,अमृत विचार। किला नदी की भूमि पर किये गये कब्जों के चिह्नांकन को करायी जा रही पैमाइश के चौथे दिन कब्जा करने वालों में कई प्रॉपर्टी डीलरों के नाम सामने आये। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी की भूमि खेतों में मिल रही है और शहरी क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलरों ने कई स्थानों पर कब्जा किया है। …
बरेली,अमृत विचार। किला नदी की भूमि पर किये गये कब्जों के चिह्नांकन को करायी जा रही पैमाइश के चौथे दिन कब्जा करने वालों में कई प्रॉपर्टी डीलरों के नाम सामने आये। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी की भूमि खेतों में मिल रही है और शहरी क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलरों ने कई स्थानों पर कब्जा किया है। सैदपुर हाकिंस से सटकर आ रही नदी पर शहर के एक बड़े बिल्डर ने भी कब्जा किया है।
तीन दिन रहपुरा चौधरी, मठ लक्ष्मीपुर, मठ कमलनयनपुर, सैदपुर हाकिंस गांव के पास नदी की एक साइड की पैमाइश की गयी। शनिवार को दिनभर तहसील सदर की टीम ने गोविंदपुर गांव के पास नदी की दूसरी तरफ से पैमाइश की। इस दौरान टीम को कई स्थानों पर नदी की भूमि खेतों में मिली लेकिन नदी अपनी जगह बहती मिली।
राजस्व टीम के अनुसार, जिन गांवों से नदी गुजरी वहां भूमि पर पक्के निर्माण नहीं मिले लेकिन सैदपुर हाकिंस क्षेत्र में अनगिनत अवैध कब्जे मिल रहे हैं। अब शहरी क्षेत्र यानि नगर निगम सीमा क्षेत्र में नदी की पैमाइश होगी। यहां ज्यादा कब्जे मिलने की बात कही जा रही है। शहरी क्षेत्र में नदी को नाला बना दिया गया है। उसकी भूमि पर पक्के निर्माण हो चुके हैं। पैमाइश करने वाली टीम के प्रभारी चंद्रसेन गंगवार के अनुसार, शहरी क्षेत्र में मलबा डालकर नदी की भूमि पाटी गयी है। कब्जेदारों में कई प्रॉपर्टी के नाम सामने आये हैं।
सोमवार को शहरी क्षेत्र में पैमाइश के साथ टूटेंगे पक्के निर्माण
सोमवार को किला नदी की पैमाइश नगर निगम के सीमा क्षेत्र में होगी। इसी क्षेत्र में ज्यादा नदी पर कब्जा किया गया है। तहसीलदार सदर आशुतोष गुप्ता ने निगम सीमा क्षेत्र में पैमाइश कराकर पक्के और कच्चे निर्माण हटवाने के लिए अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि किला नदी राजस्व ग्राम सैदपुर हाकिंस, मठ लक्ष्मीपुर, स्वालेनगर नवदिया आदि से होकर बहती है। नगरीकरण के कारण नदी क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति की जांच किये जाने के लिए व्यापक पैमाइश एवं कार्रवाई की जरूरत है।
राजस्व टीम ने यह आख्या प्रस्तुत की है कि किला नदी की नगर निगम क्षेत्र में होने वाली पैमाइश एवं मौके से अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व टीम के साथ नगर निगम की टीम की उपस्थिति भी जरूरी है। इज्जतनगर थाना प्रभारी को पत्र की कॉपी भेजकर कहा कि किला नदी की पैमाइश के दौरान कानून व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल उपलब्ध कराएं।
मलबे से पाटी नदी, जेसीबी ने मलबा हटाकर भूमि खाली करायी
किला छावनी के पीछे बसी नयी बस्ती और सैदपुर हाकिंस के बीच पुलिया के पास किला नदी की भूमि को प्रॉपर्टी डीलरों ने छह हजार रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से बेचा था। ‘अमृत विचार’ भी किला नदी पर कब्जे के मामले को लगातार उजागर कर रहा है। 15 अक्टूबर को ‘अमृत विचार’ में नदी की भूमि बेचने संबंधी समाचार पर संज्ञान लेते हुए राजस्व टीम ने जेसीबी से बुनियाद ढहाने के साथ मलबा हटवाकर नदी की भूमि खाली करायी।
शनिवार को पैमाइश टीम के प्रभारी प्राइवेट जेसीबी किराये पर लेकर पहुंचे। कई प्लॉटों की बुनियाद ढहाने के बाद नदी किनारे से मलबा हटाया गया। काफी क्षेत्र में जेसीबी से मलबा हटाकर नदी की भूमि खाली करायी। नदी किनारे अवैध रूप से बनाये गये शौचालय को भी ध्वस्त करा दिया। पैमाइश टीम प्रभारी चंद्रसेन गंगवार ने बताया कि यह भूमि प्रापर्टी डीलरों ने किसी मकान का मलबा डलवाकर पाटी थी।

