कन्नौज : सुब्रत ने कोतवाल को दी धमकी, भाजपाइयों का कोतवाली में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वीडियो वायरल, कार्यकर्ता को छोड़ने को लेकर भिड़े, बदला लेने की कही बात

मतदान स्थल पर हंगामा करने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने पुलिस से कार्यकर्ता को पकड़वाया  

अमृत विचार, कन्नौज। मतदान केंद्र पर हंगामा करने पर पुलिस ने भाजपा समर्थक को पकड़ कर सदर कोतवाली में बैठा लिया। इस पर भाजपाइयों ने कोतवाली में हंगामा काटा। इसी बीच पहुंचे प्रत्याशी व सांसद सुब्रत पाठक ने पुलिस से कार्यकर्ता को तत्काल छोड़ने को कहा। न छोड़ने पर कोतवाल को धमकी दी। जांच कराने समेत बदला लेने की बात भी कही। इसका वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसको लेकर मंगलवार को दिन भर चर्चा रही।

भाजपा सांसद के धमकी भरे वीडियो व ऑडियो सोशल मीडिया पर पहले भी वायरल होते रहे हैं। एक बार फिर से मतदान के दिन सदर कोतवाली में कोतवाल को धमकी देते वीडियो वायरल हुआ है। बताया जाता है कि शहर के मतदान केंद्र केके इंटर कालेज पर शहर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी कोई रितिक नाम का व्यक्ति हंगामा कर रहा था। इसी बीच सेक्टर मजिस्ट्रेट पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया। जब वह नहीं माना तो उन्होंने फोन कर इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।

इस पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली लाई। जानकारी होने पर कई भाजपा समर्थक कोतवाली पहुंच गये जहां उन्होंने पुलिस पर सपा के पक्ष में वोट की बात कहने के आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पाकर सुब्रत पाठक भी कोतवाली पहुंच गये। उन्होंने कोतवाल से कार्यकर्ता को तत्काल छोड़ने को कहा। यही नहीं वायरल वीडियो में सांसद कोतवाल को धमकी देते सुनाई व दिखाई रहे हैं कि उनकी वह विजिलेंस जांच करायेंगे। साथ ही बोले कि ‘बदला लेंगे बदला’। हंगामा बढ़ने पर कोतवाली में भारी पुलिस बल को बुला लिया गया। करीब आधा घंटे बाद भाजपाई चले गये। पुलिस ने कार्यकर्ता को भी छोड़ दिया। सांसद का पुलिस को धमकी वाला वीडियो वायरल हो रहा है लेकिन अमृत विचार इसकी पुष्टि नहीं करता है।

संबंधित समाचार