बरेली सीट से किस प्रत्याशी ने चुनाव प्रचार में किया कितना खर्च?, जानिए आंकड़े 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: कहां किस प्रत्याशी ने चुनाव प्रचार पर कितना खर्च किया, अगर इससे उस क्षेत्र में उसकी उम्मीदों का अंदाजा लगाया जा सकता है तो भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह का चुनाव खर्च चौंकाने वाला है।

सपा विधायक शहजिल इस्लाम के कब्जे वाले इस विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने चुनाव प्रचार पर सिर्फ 20 हजार रुपये खर्च किए। इसी तरह कुर्मी बहुल विधानसभा क्षेत्र नवाबगंज में सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन का चुनाव खर्च चौंकाने वाला है। उन्होंने भी यहां सबसे कम सिर्फ 70 हजार रुपये खर्च किए।

बरेली संसदीय क्षेत्र के चुनाव में दलीय और निर्दलीय मिलाकर कुल 13 प्रत्याशी थे। बसपा प्रत्याशी छोटेलाल गंगवार का पर्चा खारिज होने के बाद मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के ही बीच हुआ। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक चुनाव खर्च में सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन भाजपा के प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार पर काफी भारी पड़े।

कोषागार में दाखिल चुनाव खर्च के अंतिम ब्योरे के मुताबिक उन्होंने अपने चुनाव प्रचार पर 50.70 लाख की धनराशि खर्च की। भाजपा प्रत्याशी की ओर से चुनाव पर सिर्फ 34.83 लाख का खर्च दिखाया गया है। दोनों के चुनाव खर्च में सिर्फ यह एक बात समान है कि दोनों ने अपने चुनाव प्रचार पर सर्वाधिक धनराशि बरेली विधानसभा क्षेत्र में खर्च की है।

ऐरन की ओर से दाखिल चुनाव खर्च के ब्योरे के मुताबिक उन्होंने बरेली विधानसभा क्षेत्र में करीब 36 लाख, कैंट विधानसभा क्षेत्र में 11 लाख, भोजीपुरा में दो लाख, मीरगंज में एक लाख और नवाबगंज में सबसे कम 70 हजार रुपये ही खर्च किए।

इस तरह उन्होंने कुल 50.70 लाख की धनराशि खर्च की। भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह ने बरेली विधानसभा क्षेत्र में 26.13 लाख, कैंट में 5.25 लाख, नवाबगंज में 2.25 लाख, मीरगंज में एक लाख और भोजीपुरा में सिर्फ 20 हजार रुपये चुनाव प्रचार पर खर्च किए। उनका कुल चुनाव खर्च 34.83 लाख का है जो ऐरन की तुलना में 15.87 लाख कम है।

जहां सबसे ज्यादा खर्च वहां सबसे कम मतदान
भाजपा और सपा दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने चुनाव के दौरान सबसे ज्यादा खर्च बरेली विधानसभा क्षेत्र में किया लेकिन इसके बावजूद इस विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 50.40 ही मतदान प्रतिशत रहा। दिलचस्प यह है कि दूसरा बड़ा खर्च दोनों की ओर से कैंट विधानसभा क्षेत्र में किया गया लेकिन वहां भी सिर्फ 50.31 प्रतिशत ही मतदान हुआ। भोजीपुरा जहां सबसे कम खर्च किया गया, वहां सबसे ज्यादा 65.31 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र में 63.42 प्रतिशत और मीरगंज में 63.27 प्रतिशत मतदान हुआ।

बाकी कोई प्रत्याशी बरेली के बाहर गया ही नहीं
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक भाजपा और सपा के अलावा बाकी किसी प्रत्याशी ने बरेली के अलावा कहीं और प्रचार ही नहीं किया।

बरेली विधानसभा क्षेत्र में पीस पार्टी के प्रत्याशी इरशाद अंसारी ने 34 हजार, सम्राट मिहिर भोज पार्टी के जगपाल सिंह यादव ने 35 हजार, भारत जोड़ो पार्टी के मो. नाजिम अली ने 80 हजार, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के भूपेंद्र कुमार मौर्य ने 70 हजार, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के रवि कुमार ने 25 हजार और जनशक्ति एकता पार्टी के रोहताश कश्यप ने 25 हजार खर्च किए। निर्दलीय आयशा बी, आशीष गंगवार, नितिन मोहन, बुद्धप्रिय कर्मराज और वसीम मियां ने भी शहर विधानसभा क्षेत्र के बाहर कोई खर्च नहीं किया।

यह भी पढ़ें- बरेली: ओपीडी में जमीन पर बेहोश पड़ी रही दिव्यांग महिला, डॉक्टर और स्टाफ ने नहीं जाना हाल

संबंधित समाचार