गोंडा: असलहे की नोक पर नकाबपोश बदमाशों ने की लूटपाट, 3 लाख के जेवर ले गए शातिर
करनैलगंज/ गोंडा, अमृत विचार। कर्नलगंज कोतवाली के सूबेदारपुरवा में नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार की रात एक घर में असलहे के नोक पर परिवार को बंधक बना लिया और तीन लाख रुपये के जेवर व अन्य सामान लूट ले गए। आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस फायरिंग के आरोप से इंकार कर रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है और घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौरी के मजरा सूबेदारपुरवा निवासी मोहम्मद नसीम के मुताबिक मंगलवार की रात जब परिवार के लोग सो रहे थे तभी छत के रास्ते नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए और कमरे में रखा नकदी जेवर व अन्य कीमती सामान समेटने में जुट गए। एक कमरे का सामान समेटने के बाद बदमाश दूसरे कमरे में घुसे तो घर में सो रहीं आलिया बेगम व समीरुननिशा जाग गई और बदमाशों को घर के अंदर देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर नकाबपोश बदमाशों ने महिलाओं पर असलहा सटा दिया और उनकी पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे, लेकिन महिलाओं ने हिम्मत नही हारी और बिना डरे शोर मचाती रहीं। इस पर दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने फायरिंग भी की। चीख पुकार सुनकर घर सहित आस पास के लोग जाग गए और दौड़े। जिस पर बदमाश लूट का सामान समेटकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार बदमाश ज़ेवर व अन्य सामान सहित करीब तीन लाख रुपये का सामान ले जाने में कामयाब रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हैं। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए बताया कि घटना संज्ञान में है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें -बलरामपुर में बोले अखिलेश यादव-भाजपा 400 पार नहीं अब दिखने लगी है उसकी 400 हार, किया बड़ा वादा
