बाराबंकी : केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विरोधियों पर साधा निशाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कहा- खोखले वादों नहीं दस साल के काम के साथ चुनावी मैदान में उतरे मोदी

अमृत विचार, बाराबंकी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है। उन्होंने दस वर्षों में देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाने का कार्य किया है। आज नए भारत की यश गाथा पूरी दुनिया में फैल चुकी है। हम चुनावी मैदान में खोखले चुनावी वादों के साथ नहीं बल्कि 10 वर्षों के काम का लेखा-जोखा लेकर आए हैं। आप लोग कमल खिलाकर विपक्षियों की जमानत जब्त करने का काम करें।

यह बातें केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने त्रिलोकपुर स्थित बीपी शुक्ला इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी राजरानी रावत के पक्ष में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि 10 साल पहले यूपीए की सरकार में हर रोज नया घोटाला सामने आता था। जबकि भाजपा की सरकार में एक भी घोटाला या भ्रष्टाचार सुना हो तो बताइए। उपस्थित जन समूह से रूबरू होते हुए अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में सबसे ज्यादा कांग्रेस की सरकार देश में रही है। आप लोग दिल पर हाथ रखकर अपने आप से सवाल कीजिए कि पिछले दस वर्षों की सरकार में बदलाव आया या नही।

उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी राजरानी रावत की प्रशंसा करते हुए लोगों से उन्हें रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने की अपील की। उपस्थित जन समूह को पहले मतदान फिर जलपान का संकल्प दिलाते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने मोदी के नेतृत्व में इन 10 वर्षों में देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचने का काम किया है। आज का भारत वह भारत है जिनकी यश कीर्ति और ख्याति पूरी दुनिया में फैल चुकी है। अब तमाम देशों के बड़े-बड़े अध्यक्ष भारत के नक्शे कदम पर चलना चाहते हैं। भारत के प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पलके बिछाए बैठे रहते हैं। यह भारत के प्रधानमंत्री का सम्मान नहीं है देश के 140 करोड़ जनता का सम्मान है, जो पूरी दुनिया कर रही है। कोई भी भारतवासी किसी भी देश के युद्ध भूमि में फंसा हो तो देश के अंदर मोदी के नेतृत्व में इतनी मजबूत सरकार है कि उसे स्वदेश वापस लाया जा सके। प्रधान मंत्री मोदी ने यह करके दिखाया भी है।

उन्होंने आगे कहा कि मतदान में वह ताकत है कि भारत के भविष्य के साथ अपनी पीढ़ियों का भी भविष्य बना सकते हैं। पांच सालों में एक बार अपनी किस्मत बनाने का मौका मिलता है। जब मजबूत सरकार बनेगी तभी नए एयरपोर्ट बनेंगे, नया रेल नेटवर्क बिछाया जाएगा और भी इस तरह के विकास कार्य कराये जा सकेंगे। इसलिये 10 सालों की विकास यात्रा को अगर और भी गतिमान बनाना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करें। इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी राज्यरानी रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अपना दल के जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, वीरेंद्र पटेल, लवली रावत और सत्य प्रकाश वर्मा समेत तमाम लोगों ने भी अपने-अपने विचार रखे। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, डाक्टर विवेक वर्मा, वेद प्रकाश रावत, ब्लॉक प्रमुख सूरतगंज लकी सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री को बुके देकर स्वागत किया।

 

संबंधित समाचार