Pratapgarh news: हादसों में छात्रा, सभासद के भतीजे सहित तीन की मौत
कुण्डा/ पट्टी /प्रतापगढ़, अमृत विचार। अलग-अलग हादसों में छात्रा,सभासद के भतीजे सहित तीन लोगों की मौत हो गई व एक घायल हो गया। पुलिस ने उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा।
सैफू का पुरवा हिनाहूं नवाबगंज निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र रामकुमार सरोज मजदूरी करता था। गुरुवार को दोपहर पड़ोसी जनपद रायबरेली के ऊंचाहार के हरिहरपुर गांव में ट्रक पर लदा मोरगं उतारने गया हुआ था। मोरगं उतारने के बाद साथ रहे मजदूर ट्रक का पिछला डाला बंद कर रहे थे और सुनील नीचे से डाला उठाए हुए था, डाला बंद नहीं हुआ। तभी ट्रक में ऊपर सवार मजदूरों ने डाला छोड़ दिया। इससे नीचे खड़े सुनील के सिर पर डाला गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। इसके बाद उसे सीएचसी ऊंचाहार ले गए, जहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।ऊंचाहार पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए रायबरेली भेज दिया। सुनील तीन बहनों और दो भाई में छोटा था। उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसके एक वर्षीय बेटी भी है।
मौत की खबर सुनकर परिजन बेहाल हो गए। घटना की जानकारी होने पर भाई सुभाष सीएचसी पहुंचा, जहां पर वह अपनी बाइक खड़ी कर अस्पताल में अंदर गया। बाहर आया तो उसकी बाइक गायब थी। वहीं शहाबपुर कुंडा निवासी कौशल शुक्ल बुधवार को अपनी 17 वर्षीय बेटी वैष्णवी को बाइक से लेकर कौशांबी के मंझनपुर परीक्षा दिलाने जा रहा था। वह कौशांबी के गुलामीपुर पहुंचा था कि डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वैष्णवी डंपर के टायर के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कौशल शुक्ला को भी चोटें आईं। जानकारी पर परिजन बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। वैष्णवी ने बीते सत्र में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह दो भाईयों से बड़ी थी। पट्टी प्रतिनिधि के अनुसार पट्टी के घोसियान मोहल्ला निवासी पूर्व सभासद रियासत अली भोले के भतीजे 22 वर्षीय मो. साहिल पुत्र मो. शहजाद नेवादा कंधई केे संजीव प्रताप सिंह की मैजिक डाला चलाता था।
बुधवार की शाम वह डाला संजीव के घर छोड़कर उनके बाइक से अपने घर वापस आ रहा था। उसे छोड़ने के लिए संजीव प्रताप सिंह स्वयं बाइक चला रहे थे। रात 9:30 बजे तरदहा के निकट विद्युत उपकेंद्र के सामने पीछे से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। मौका पाकर बोलेरो सवार भाग निकला। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी पट्टी ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर देख दोनों को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन घायल साहिल को लखनऊ ले जा रहे थे, कि रास्ते में ही उसकी सांस थम गई, जबकि घायल संजीव प्रताप सिंह का इलाज प्रयागराज के एक अस्पताल में चल रहा है। साहिल के शव को परिजन लेकर घर आए और कंधई थाना में तहरीर दी। साहिल चार भाई बहनों में दूसरे नंबर पर था। बेटे की मौत के गम में पिता मोहम्मद शहजाद व मां साजिया बेगम का रो रो कर बेहाल रहे।
पूर्व सभासद के भतीजे की मौत की खबर सुनकर नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष खेदन लाल जायसवाल, आशीष खंडेलवाल, दिनेश बहादुर सिंह बुदुल सिंह, हाजी सईद अली, यासीन राईन आदि ने उनके घर पहुंच कर स्वजन को ढांस बंधाया। थानाध्यक्ष कंधई प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें -High court news: पूर्व शिक्षामंत्री राकेशधर के आय से अधिक संपत्ति मामले में फैसला सुरक्षित
