बरेली: रसायन विज्ञान विभाग का चार्ज हुआ हस्तांतरित, प्रो. एनबी सिंह को सौंपा
बरेली, अमृत विचार: बरेली कॉलेज में रसायन विज्ञान विभाग का चार्ज आखिरकार हस्तांरित हो गया। प्राचार्य की ओर से बनाई गई दोनों समितियों की सहमति के बाद प्रो. एनबी सिंह को विभाग का प्रभारी बनाया गया। प्रो. सचि मित्तल दो दिन में सेवानिवृत्त हो जाएंगी। समिति ने निर्णय लिया कि प्रो. एनबी सिंह यदि पूर्व के समय की कोई गड़बड़ी सामने आती है तो इसके लिए जिम्मेदार नहीं होंगे और विभाग में नया स्टॉक रजिस्टर बनाया जाएगा।
बरेली कॉलेज में रसायन विज्ञान विभाग का चार्ज प्रो. सचि मित्तल के पास था। उनकी सेवानिवृत्त से पहले चार्ज वरिष्ठ शिक्षक को हस्तांतरित होना था लेकिन शिक्षक ने लैब में काफी सामान न होने और सामान का स्टॉक रजिस्टर से सामान मिलने पर ही चार्ज लेने की शर्त रखी थी। इस पर मामला प्राचार्य प्रो. ओपी राय के पास पहुंचा था। प्राचार्य ने पहले एक बाह्य समिति बनाकर मामले के निस्तारण के निर्देश दिए थे लेकिन निस्तारण नहीं हो सका था।
इसके बाद एक विभाग की आंतरिक समिति बनाई थी, जिसे बाह्य समिति के सहयोग के निर्देश दिए थे। काफी समय बाद भी मामले का निस्तारण नहीं हो रहा था। शिक्षिका के दो दिन बाद सेवानिवृत्त होने की वजह से गुरुवार को दोनों समितियों की बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि प्रो. एनबी सिंह को चार्ज दिया जाए। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि समितियों की रिपोर्ट के आधार पर प्रो. एनबी सिंह को रसायन विभाग का प्रभार दे दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: चुनावी वादे हवाहवाई...पीने के पानी के लिए दो साल से तरस रहे हैं 15 हजार परिवार, लोग परेशान
