हरदोई में खुली बिजली विभाग के घोटाले की पोल, गर्मी में पिघल कर गिर रहे घटिया एरियर बंच
हरदोई, अमृत विचार। सरकार गर्मियों में बिजली की मांग को देखते हुए पहले से विभाग को इसके लिए जरूरी संसाधन दुरुस्त करने के निर्देश देती है। इसके लिए करोड़ों रूपए भी खर्च किए जाते हैं। इस बार भी जिले में एरियर बंच (रस्सा तार) गर्मियों से पहले डाला गया लेकिन वह इतना घटिया है कि लोड पड़ते ही पिघल कर गिर रहा है।
जिले में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग भी बढ़ रही है। गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने ने को ध्यान में रखते हुए सरकार ने करोड़ों रूपए जिले में विद्युत उपकरणों के सुधार व उच्चीकरण के लिए दिए थे। इसी कड़ी में जिले में एरियर बंच डाला गया था। खुले तारों को हटाकर डाला गया यह तार इतना घटिया डाला गया कि पहली गर्मी में ही यह लोड नहीं झेल पा रहा है ।नतीजतन लोड पड़ने पर तार जगह-जगह पिघल कर गिर रहा है। इसको दुरुस्त करने में कर्मचारियों को दिन-रात मेहनत करनी पड़ रही है ।
बीती रात नगर के मोहल्ला लक्ष्मी पुरवा ,विभूति नगर ,राधा नगर, सराय थोक पश्चिमी ,देविनपुरवा सहित कई मोहल्ले में बिजली की आवाजाही रात भर लगी रही। तार डालने वाली निजी कंपनी ने निम्न क्षमता का तार डाल दिया है जिसके चलते यह समस्या आ रही है। विभाग में भ्रष्टाचार इस कदर हावी है इसका अंदाजा इस घटिया एरियर बंच से ही लगाया जा सकता है। इस संबंध में जब अधिशासी अभियंता से जानकारी के लिए जब फोन मिलाया गया तो उनका फोन नहीं उठा। खास बात यह है कि बिजली विभाग के नीचे से ऊपर तक के अधिकारी कभी भी विभागीय फोन नहीं रिसीव करते हैं इसकी शिकायत कई बार बैठकों में जनप्रतिनिधि जिला अधिकारी तक से कर चुके हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों का रवैया सुधारने का नाम नहीं ले रहा है। घटिया एरियर बंच पडने से जहां उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं सरकार को भी करोड़ों रुपए का चूना लगाया गया।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: चिकित्सा स्वास्थ्य महानिदेशक से मिले राजकीय नर्सेज संघ के महामंत्री, उठाया यह मुद्दा
