स्मृति ईरानी के समर्थन में गृहमंत्री अमित शाह ने किया रोड शो, बोले-अमेठी की जनता ने दिया जीत के विश्वास का वादा
अमेठी, अमृत विचार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के समर्थन में रोड शो करने अमेठी पहुंचे, करीब डेढ़ किलोमीटर रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी को भारी बहुमत से जीत दिलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने की अमेठी की जनता से अपील की। रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने रोड शो में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं और अमेठी की सम्मानित जनता पर फूल बरसा कर उनका अभिवंदन किया।
अमेठी में एक बार फिर कमल खिलाने को लेकर भाजपा पार्टी और पार्टी के दिग्गज नेता लगातार सक्रिय नजर आए हैं जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा कर स्मृति ईरानी को भारी बहुमत से जीत दिलाने की अमेठी की जनता से अपील की तो वही 2019 लोकसभा चुनाव की तरह अंतिम समय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी स्मृति ईरानी की जीत सुनिश्चित करने के लिए अमेठी पहुंचे। अमित शाह के अमेठी रोड शो को लेकर अमेठी कस्बे को पोस्टर बैनर व भगवा गुब्बारों से सजाया गया। रोड शो की शुरुआत अमेठी की रामलीला मैदान से जय श्री राम के जयकारों के साथ शुरू होकर राजर्षि रणंजय तिराहा, गांधी चौक, सगरा तिराहा होते हुए राजेश मसाला फैक्ट्री मोड़ के पास समाप्त हुई।
रोड शो के समापन के पहले सगरा-तिराहे पर अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि आज अमेठी वालों का हृदय से धन्यवाद करना चाहता हूं पिछली बार भी चुनाव के अंतिम तिथि इसी समय पर अमेठी में रोड शो करने आया था इस बार भी अंतिम समय मे रोड शो करने आया हूं आप सभी भाजपा प्रत्याशी बहन स्मृति ईरानी के स्वागत में जिस प्रकार से प्यार उत्साह उमंग और जीत के विश्वास के साथ रोड शो किया है आप सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं 2 दिन से लोकतंत्र में अजीब प्रकार का विचार देखा दो बड़े बड़े नेता राष्ट्रीय दल के अध्यक्ष रहे एक तो कर्ताधर्ता रहे कहते हैं अमेठी और रायबरेली हमारे परिवार की है मैं उनसे पूछना चाहता हूं लोकतंत्र में कौन किसकी बपौती रहती है जनता अपना नेता तय करती है राहुल गांधी अमेठी से हारने के बाद वायानाड गए वायनाड से रायबरेली आए हैं अभी 3 दिन पहले मैं रायबरेली गया था अमेठी की जनता को बता देना चाहता हूं वह रायबरेली से भी हारने वाले हैं। लोकतंत्र में जनता ही सबसे ऊपर है 55 साल में एक ही परिवार के सदस्य ने राज किया है मैं अमेठी वालों से पूछना चाहता हूं कि कोरोना में राहुल गांधी दिखे थे क्या उनकी माता आई थी क्या भाइयों और बहनों यह दो लोग के बीच का चुनाव है एक चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए राहुल गांधी और दूसरे तरफ गरीब चाय बेचने वाले नरेंद्र मोदी जी का चुनाव है।
वही रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी, जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी व राजेश अग्रहरि रथ पर मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों का जन सैलाब उमड़ा दिखा।
