लखनऊ समेत 14 लोकसभा सीटों पर कल होगा मतदान, 3768 पोलिंग पार्टियों को 950 बस से किया गया रवाना
भीषण गर्मी से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने किया व्यापक इंतजाम, मतदान कर्मियों के लिए ठंडा पानी, शर्बत और भोजन की व्यवस्था
लखनऊ। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में राजधानी लखनऊ समेत 14 लोकसभा सीटों पर कल यानी 20 मई को मतदान होगा। इसको लेकर आज आशियाना स्थित स्मृति उपवन से लोकसभा सीट लखनऊ, मोहनलालगंज और विधानसभा उपचुनाव के लिए लखनऊ पश्चिम की कुल 3768 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। बता दें कि आज सुबह 7 बजे से ही स्मृति उपवन से 950 बसों से पोलिंग पार्टियां को रवाना करना शुरू किया गया।

वहीं भीषण गर्मी से बचने के लिए जिला प्रशासन की ओर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पीठासीन अधिकारियों और पोलिंग कर्मचारियों के लिए ठंडे पानी, शरबत और भोजन की व्यवस्था की गई थी। साथ ही भीषण गर्मी और धूप से बचने के लिए टेंट और 250 से ज्यादा कूलर की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान सभी मतदान कार्मिकों को बूथ और जोन के आधार पर ईवीएम मशीनों को दिया गया और बसों के माध्यम से उन्हें उनके बूथ के लिए रवाना किया गया।

वहीं सुबह से ही जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार समय - समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नजर आए और भीषण गर्मी से बचने के लिए मतदान कर्मियों को ठंडा पानी मुहैया कराने और कूलर को ठंडा रखने के निर्देश देते रहे है। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि 20 मई यानी कल होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन की ओर से व्यापक इंतजाम किया गया है।

सभी बूथों पर पानी और मतदाताओं की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की जा रही है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि लोग ज्यादा से ज्यादा घरों से निकलकर मतदान करें और लोकतंत्र के पर्व को सकुशल संपन्न करने में योगदान करें।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: तेज रफ्तार इनोवा कार ने वैन में मारी टक्कर, ड्राइवर सहित आधा दर्जन घायल
