Kanpur News: युवती को सरेराह छेड़ा, दुष्कर्म का किया प्रयास, घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर थाना क्षेत्र के नमक फैक्ट्री चौराहे के पास एक पतली गली में सब्जी लेकर जा रही एक युवती को 14 मई की शाम एक युवक ने दबोच लिया। युवक ने युवती को जमीन पर पटक दिया और छेड़खानी करते हुए उससे दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इस पर युवती ने शोर मचाया और युवक के हाथ में दांतों से काट लिया। 

शोर सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो आरोपी भाग निकला। यह पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने पर कमिश्नरेट पुलिस की काफी किरकिरी हो गयी। डीसीपी पश्चिम विजय डुल खुद घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। 

डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने बताया कि पुलिस ने अपनी जांच में पहले घटनास्थल से दो किमी दूर तक आपरेशन त्रिनेत्र के जरिये लगाये गये करीब दो सौ कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद कैमरे में कैद आरोपी से मिलते-जुलते करीब पन्द्रह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। पकड़े गये लोगों में आरोपी आकिब भी शामिल था। आकिब मूलरूप से महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल का रहने वाला है और वर्तमान में चकेरी थाना क्षेत्र के चिश्ती नगर में रह रहा है। 

पुलिस ने आकिब से भी पूछताछ की लेकिन वह पुलिस को बरगलता रहा। इस बीच मुखबिर ने आरोपी की पहचान पुलिस के सामने स्पष्ट की तो पुलिस ने आकिब द्वारा दिये गये बयान की उसके कार्यस्थल के कर्मियों और परिचितों से पुष्टि की गयी तो वह फर्जी निकले। इस पर पुलिस ने सख्ती को तो वह टूट गया और घटना कारित करने की बात स्वीकार कर ली। डीसीपी के अनुसार पूछताछ में आकिब ने बताया कि उस दिन वह शराब के नशे में नमक फैक्ट्री के आसपास घूम रहा था। 

उसने शराब पीने के दौरान मोबाइल पर अश्लील फिल्म भी देखी थी। इसी बीच उसे युवती अकेली सूनसान गली में जाती दिखी तो वह उसके पीछे लग गया और मौका पाकर युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा। युवती के शोर मचाने पर लोग घरों से निकल आये तो वह भाग निकला। डीसीपी ने बताया कि आरोपी की फोटो पीड़िता को दिखायी गयी तो उसने भी पुष्टि की है। इसके अलावा युवती ने अपने बयान में बताया था कि उसने आरोपी के हाथ में दांतों से काटय था। 

आकिब का मेडिकल परीक्षण कराया गया तो उसके बांये हाथ में दांतों से काटे जाने के निशान मिले हैं। डीसीपी के अनुसार आकिब शातिर अपराधी है, उसके खिलाफ थाना महाराजपुर में भी संगीन धाराओं के चार मामले दर्ज हैं। उसके पास बरामद मोबाइल में काफी संख्या में अश्लील फिल्में मिली हैं, वहीं उसके बैग से एक तमंचा और कारतूस व अश्लील फोटो बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पच्चीस हजार रुपये का ईनाम दिया जायेगा।

यह भी पढ़ें- Kanpur: लेखक चेतन भगत बोले- रील और वीडियो बनाना समय की बर्बादी...सफल बनने के लिए '11 Rules of Life' किए साझा

संबंधित समाचार