संभल: महिला से प्रेम संबंध में पत्नी को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति की तलाश की शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुन्नौर, अमृत विचार। महिला से संबंधों के चलते पति ने पत्नी के उत्पीड़न की हदें पार कर दी। आरोप है कि शराब के नशे में पति आये दिन पत्नी से मारपीट करता है। इस दौरान उसे नीम के पेड़ से बांधकर भी पीटा। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

बुलंदशहर जनपद के थाना रामघाट क्षेत्र के गांव सिलहारी निवासी वीरेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसने बेटी विमलेश की शादी वर्ष 2013 में गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव घुघईया निवासी सुरेन्द्र पुत्र नरेश से की थी। आरोप लगाया कि गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध के चलते सुरेंद्र विमलेश के साथ आये दिन गाली गलौज व मारपीट करता है। प्रेमिका के उकसाने पर विमलेश को नीम के पेड़ से बांधकर पिटाई की गई। 

विमलेश का कहना है कि पति ने एक महिला से नाजायज संबंध बना रखे हैं। जब वह इसका विरोध करती है तो उसके साथ मारपीट की जाती है। पति सुरेन्द्र ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर धमकी दी है कि अगर अपने घर या किसी को बताया तो जान से मार डालेगा। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढे़ं- संभल : कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार