Lok Sabha Election 2024: रणबांकुरों का भाग्य ईवीएम में कैद, बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट पर फर्स्ट क्लास पास हो रहे मतदाता
बांदा, अमृत विचार। बांदा चित्रकूट लोकसभा और बांदा जिले में मतदान का लगभग 60 प्रतिशत तक पहुंच रहा है। लोकसभा क्षेत्र में शामिल विधानसभा वार विवरण निम्नवत है। बबेरू विधानसभा में 59.23 प्रतिशत , बांदा विधानसभा में 60.05 प्रतिशत, चित्रकूट विधानसभा में 60.55 प्रतिशत, मानिकपुर विधानसभा में 56.90 प्रतिशत और नरैनी विधानसभा में 60.51 प्रतिशत मतदान हुआ। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात किया गया था।
पांचवें चरण के लिए होने वाले मतदान का महापर्व निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन ने शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने को पुख्ता इंतजाम किए थे। सुबह ठीक सात बजे से मतदान की शुरूआत हुई, लेकिन बूथों में सुबह छह बजे से ही लाइन लगी रहीं। प्रत्येक बूथ पर मतदान शुरू कराने से पहले मतदान अभिकर्ताओं की मौजूदगी में माक पोल कराया गया। इसके बाद मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग करना शुरू किया।
सुबह नौ बजे तक जिले में केवल करीब 14.15 फीसदी मतदाताओं ने ही मतदान किया था। इसके बाद बूथों में मतदाताओं की लाइन लगने लगी। सबसे अधिक युवा और महिला मतदाताओं मे मतदान के प्रति अधिक उत्साह देखने को मिला। हर जगह बूथ में महिलाओं की लंबी लाइन लगी थी। वोट डालने के लिए मतदाताओं ने काफी देर तक बूथ में लाइन पर खडे रहकर इंतजार किया। इसी तरह से सुबह 11 बजे करीब 28.23 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था।
कड़ी धूप के बावजूद मतदाताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और अपरान्ह एक बजे मतदान का प्रतिशत करीब 39.35 फीसदी पहुंच गया। हालांकि एक बजे से तीन बजे के बीच मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई और बूथों पर सन्नाटा छाया रहा। अपरान्ह तीन बजे तक करीब 47.27 फीसदी मतदाताओं ने मतदान मे हिस्सा लिया। विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान के लिए बूथ जाने को प्रेरित कर रहे थे।
इसका असर भी काफी देखने को मिला। इस तरह से शाम पांच बजे तक मतदान का औसत 56.76 फीसदी पहुंच गया। शाम छह बजे तक 60 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया है। जबकि छह बजे के बाद तक कई पोलिंग बूथों में लाइनें लगी रहीं और मतदान का काम चलता रहा। मतदान होने के बाद मतदान अभिकर्ताओं की मौजूदगी में ईवीएम सील की गई।
इसके बाद पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। हालांकि मतदान समाप्ति तक मतदान के प्रतिशत में थोड़ा बहुत इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। मतदान होने के बाद लोकसभा से सियासी जंग मे ताल ठोंक रहे दर्जनभर रणबांकुरों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना में इनके भाग्य का पिटारा खुलेगा।
