Lok Sabha Election 2024: 15 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में हुआ कैद, फतेहपुर में वोटिंग खत्म, 56.90 प्रतिशत पड़े वोट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में फतेहपुर में पांच बजे तक 54.97 फीसदी मतदान हुआ। जिले की सभी छह विधानसभाओं के लोगों ने वोट डाले। इसी के साथ ही लोकसभा चुनाव के 15 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। 

कुछ छिटपुट घटनाओं और समस्याओं को छोड़कर शांतिपूर्वक मतदान हुआ है। शहरी इलाकों में मतदान प्रतिशत कम रहा है वहीं ग्रामीण इलाकों में अधिक मतदाता निकले। युवाओं में खासा उत्साह रहा है। लोकसभा चुनाव में 19 लाख 35 हजार से अधिक मतदाता रहे। जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 08.57 लाख रही। जिन्हें मताधिकार का प्रयोग करना था। 

फतेहपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा से साध्वी निरंजन ज्योति, सपा से नरेश उत्तम पटेल, बीएसपी से डा. मनीष सिंह सचान समेत 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। डीएम सी. इंदुमती, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों का जायजा लिया। इसके साथ लखनऊ से पुलिस के आलाधिकारियों ने मतदान केन्द्रों का जायजा लिया।

ज्यों-ज्यों चढ़ा सूरज, मतदान का बढ़ा ग्राफ

लोकसभा चुनाव के दौरान सोमवार को मतदाताओं ने सूर्य संग कदमताल किया। ज्यों ज्यों सूरज चढ़ता गया, मतदान का ग्राफ भी बढ़ता गया। सुबह नौ बजे जहां जिले का औसत मतदान 14.25 फीसदी दर्ज किया गया तो वहीं शाम पांच बजे तक यह बढ़कर 54.97 प्रतिशत पहुंच गया।

मतदान शुरू होने के दो घंटे बाद करीब 9 बजे तक जिले में 14.25 प्रतिशत लोगों ने वोट की चोट कर दिया। उसके दो घंटे बाद 11 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़ कर 28.58 प्रतिशत हो गया। शाम पांच बजे तक करीब 55 फीसदी वोटर मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।  छह बजे तक 56,9 फीसदी मतदान पूरा हो गया।

टाइम टू टाइम मतदान प्रतिशत

सुबह 9.00 बजे- 14.25 प्रतिशत
सुबह 11.00 बजे-28.58 प्रतिशत
दोपहर 01.00 बजे-39.83 प्रतिशत
अपरान्ह 03.00 बजे-47.23 प्रतिशत
शाम 05.00 बजे-54.97 प्रतिशत
शाम 06.00 बजे- 56.9 प्रतिशत

समय बीतने के बाद भी डाले गए वोट

कई बूथों पर शाम छह बजे के बाद भी वोट डाले गए। जिन बूथों पर निर्धारित अवधि बीतने के पहले ही वोटर पहुंच गए थे, उन बूथों पर मतदाताओं की कतार लगी होने के कारण शाम छह बजे के बाद तक वोट पड़े। समय के अंदर परिसर में दाखिल हुए लोगों को वोट डलाया गया।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: पांचवें चरण का मतदान संपन्न, चिलचिलाती धूप के बीच चित्रकूट में हुआ 59 प्रतिशत मतदान

संबंधित समाचार