Lok Sabha Election 2024: पांचवें चरण का मतदान संपन्न, चिलचिलाती धूप के बीच चित्रकूट में हुआ 59 प्रतिशत मतदान
चित्रकूट, अमृत विचार। विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत बरुवा के बाशिंदों ने खोहरा धाम मोड़ से बरुवा तक की सड़क न बनने से नाराज होकर सोमवार को मतदान का बहिष्कार कर दिया। समाचार भेजे जाने तक जनप्रतिनिधि और अधिकारी इनको समझा बुझा रहे थे। जानकारी के अनुसार, बहिष्कार की बात फैलने से पहले लगभग 14 मत पड़ चुके थे। मतदान बहिष्कार से मतदान केंद्र कंपोजिट विद्यालय बरुवा में सन्नाटा पसरा रहा।
लोगों ने बताया कि खोहरा धाम मोड़ से बरुवा तक लगभग आठ किमी की सड़क खराब है। इसको लेकर कई बार कार्यदायी संस्था, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में मांग की ओर ध्यान आकृष्ट कराने के लिए उन लोगों ने वोटिंग न करने का फैसला किया। जानकारी के मुताबिक, यहां कुल 1134 मतदाता हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम प्रमोद झा, सीओ निष्ठा उपाध्याय बरुवा पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। उधर, जानकारी पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य उमाकांत त्रिपाठी आदि भी वहां पहुंच गए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीणों को वादा किया कि जिला पंचायत की सीमा के अनुसार एक करोड़ रुपये अवमुक्त कर इस सड़क को जल्द ही बनवाया जाएगा पर लोग नहीं माने।
ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। लगभग पौने तीन बजे अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम, एसडीएम और सीओ के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने मतदाताओं को सड़क निर्माण का आश्वासन दिया और इसके बाद अपराह्न लगभग तीन बजकर दस मिनट पर मतदान शुरू हुआ। कई जगहों पर लोगों ने बीएलओ पर पर्ची न बांटने का आरोप भी लगाया। तमाम लोगों के नाम सूची में न होने से मतदान से वंचित रह गए।
बीडीसी सदस्य ने वीडियो बना लिया
बूथ संख्या 111 प्राथमिक विद्यालय कुचारम पूर्व भाग में वोटिंग कंपोर्टमेंट के अंदर एक बीडीसी सदस्य द्वारा मोबाइल से वीडियोग्राफी करने का भी आरोप लगा, जिसकी जानकारी पोलिंग पार्टी के किसी सदस्य को नहीं हो पाई। मतदेय स्थल पर मोबाइल ले जाने पर पूर्णतय़ा प्रतिबंध था लेकिन बीडीसी सदस्य ने मतदेय स्थल के अंदर चोरी छिपे वीडियोग्राफी की। पीठासीन अधिकारी प्राथमिक विद्यालय कुचारम पूर्व भाग ममता सैनी व द्वितीय मतदान अधिकारी विजय सिंह ने प्रभारी निरीक्षक थाना पहाड़ी को इस संबंध में तहरीर दी है।
