Unnao Crime: सदर कोतवाली परिसर में युवक ने किया परिवार सहित आत्मदाह का प्रयास...पुलिसकर्मियों के फूले हाथ-पांव
उन्नाव में जमीन पर कब्जा न मिलने से आहत होकर उठाया कदम
उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब अपनी जमीन पर कब्जे के लिए चक्कर काटकर थक चुके युवक ने अपने दो बच्चों और पत्नी पर आत्मदाह के इरादे से ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया। पुलिस कर्मियों की समय रहते नजर पड़ने से बड़ा हादसा टल गया। एसएचओ ने पीड़ित की पूरी बात सुनकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब परिवार वापस लौटा।
सदर कोतवाली अंतर्गत सुतिया तारा चौकी क्षेत्र के दुलिया खेड़ा पतारी गांव निवासी सोनू पुत्र गणपति ने बताया कि उसने गांव के पास एक-एक रुपये जोड़कर जमीन खरीदी थी। अपनी जमा पूंजी लगाने के बाद उसे जमीन पर कब्जा नहीं मिला। जमीन बेचने वाला शख्स भी उसे काबिज नहीं करा पाया।
न्याय की आस में राजस्व और पुलिस के चक्कर काटने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर वह सोमवार शाम सदर कोतवाली परिसर पहुंचा और अपने 6 व 10 वर्षीय बेटे के साथ पत्नी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की।
इस दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मियों की नजर उन लोगों पर पड़ी तो उन्होंने दौड़कर युवक को पकड़ लिया। आत्मदाह के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएचओ पहुंचे और पीड़ित से पूरी जानकारी हासिल कर उसे कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद वह परिवार के साथ घर लौट गया।
