कानपुर नगर निगम को क्या इसी दिन का था इंतजार...जिला न्यायालय के डिप्टी नाजिर की मौत के बाद हत्यारे सांड समेत 51 छुट्टा पशु पकड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर नगर निगम ने हत्यारे सांड़ समेत 51 छुट्टा पशु पकड़े

कानपुर, अमृत विचार। रविवार को कल्याणपुर में सांड़ के हमले में जिला न्यायालय के डिप्टी नाजिर की मौत के बाद सोमवार को नगर निगम जागा। नगर निगम ने अभियान चलाकर हमलावर सांड़ को पकड़ लिया। इसके साथ कुल 51 छुट्टा पशुओं को पकड़ा। 

कल्याणपुर आईआईटी नानकारी निवासी 58 वर्षीय देवेन्द्र कुमार यादव जिला न्यायालय में डिप्टी नाजिर के पद पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी मीना और तीन बेटे शिवम सिंह, शशीकांत और रविकांत हैं। उन लोगों ने बताया कि रोज की तरह रविवार सुबह वह मार्निंग वॉक पर गए थे। नानकारी में सांड़ ने उन्हें दौड़ाकर पटक दिया। सांड़ ने उन्हें तीन बार सड़क पर सींगो से उठाकर पटका। अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। एक अन्य महिला को भी उसी सांड़ ने उठाकर पटक दिया।

सोमवार सुबह पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत नगर निगम का कैटिल कैचिंग दस्ता सुबह आईआईटी के पास प्रधान गेट, चंदेल गेट, नानकारी में पहुंचा। अभियान चलाकर टीम ने 20 सांड़ और 31 गोवंशों को पकड़ा। उन्हें नंदीशाला पनकी व कान्हा गोशाला किशनपुर में संरक्षित किया गया। 

अधिकारियों ने बताया कि यह क्षेत्र नगर निगम की सीमा का अंतिम क्षेत्र है। इसके एक ओर खेत-खलिहान हैं और दूसरी ओर आईआईटी का जंगली क्षेत्र है। इसके चलते बेसहारा जानवर शहर की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। इस दौरान पार्षद विनोद सोनकर ने कहा कि आगे भी अभियान चलवाया जायेगा।

ये भी पढ़ें- Kanpur: तपिश और लू के थपेड़ों से लोग बेचैन, 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया अधिकतम पारा, इस दिन से चालू होंगे नौतपा...

संबंधित समाचार