Bareilly News: तीन सौ बेड अस्पताल... मरीज गर्मी से बेहाल, पूर्व सीएमएस के आवास में लगे तीन एसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रभारी सीएमएस ने सीएमओ को लिखा पत्र, एसी वापस कराने की मांग की

पूर्व सीएमएस के आवास में लगे एसी के छत पर लगे कंप्रेशर 

बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में रोजाना ओपीडी में सैकड़ों मरीज आते हैं। गर्मी से बचाव के नाम पर अस्पताल परिसर में चंद पंखे लगे हैं। कूलर तक नहीं है, जबकि अस्पताल के पूर्व सीएमएस रहे डॉ. भानु प्रकाश के आवास में तीन एसी लगे हैं। मरीज गर्मी से बेहाल हैं। कई डॉक्टरों के कक्षों में भी एसी नहीं हैं। इसपर प्रभारी सीएमएस डॉ. सतीश चंद्रा ने सीएमओ को पत्र भेजकर पूर्व सीएमएस से दो एसी वापस कराने की मांग की है।

आवास में रहते हैं अकेले, फिर भी तीन एसी
प्रभारी सीएमएस ने सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को भेजे पत्र में कहा है कि पूर्व सीएमएस अकेले सरकारी आवास में रह रहे हैं। ऐसे में उन्हें तीन एसी की आवश्यकता क्यों है, जबकि अस्पताल परिसर में निवास करने वाले अन्य अधिकारियों के आवासों में सिर्फ एक एसी लगा है। पूर्व में भी एसी वापस कराने की मांग की गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

गायब हो चुके हैं कई उपकरण
कोविड काल में तीन सौ बेड अस्पताल में स्टाफ और संक्रमित मरीजों के लिए बड़ी संख्या में उपकरण शासन की ओर से भेजे गए थे, जिसमें बेड, अलमारी, कुर्सियां, एसी आदि शामिल थे, लेकिन धीरे-धीरे काफी सामान और उपकरण गायब हो गए। इसकी जानकारी अफसरों के पास नहीं है।

पूर्व सीएमएस डॉ. भानु प्रकाश के आवास में तीन सरकारी एसी लगे हैं, जबकि वह अकेले ही आवास में रहते हैं। ओपीडी में सेवाएं देने वाले कई डॉक्टरों के कक्ष में एसी नहीं हैं। सीएमओ को पत्र भेजकर पूर्व सीएमएस से अतिरिक्त एसी वापस करने की मांग की गई है।-डॉ. सतीश चंद्रा, प्रभारी सीएमएस, तीन सौ बेड अस्पताल

ये भी पढे़ं- बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर मुरलीधर तिवारी का निधन

 

संबंधित समाचार