बदायूं: रेड रोग के बाद अब गन्ना की फसल को चोटी बेधक से खतरा
बदायूं, अमृत विचार: गन्ना खेती के लिए प्रसिद्ध गांव नगला शर्की के गन्ना किसानों की धड़कने बढ़ने लगी हैं। यह गांव शेखूपुर चीनी मिल क्षेत्र में आता है। शेखूपुर चीनी मिल ने यहां गन्ना के खेत का पहले निरीक्षण किया। पता चला कि पिछले साल तक गन्ना की फसल को रेड रोग का खतरा था लेकिन इस बार गन्ने में चोटी बेधक कीट लग रहा है। चीनी मिल ने कीटनाशक का छिड़काव कराया। जिससे गन्ने को कोई बीमारी न लगने पाए। चीनी मिल अधिकारियों ने किसानों से संवाद कर गन्ना उत्पादन बेहतर करने के सुझाव दिए।
शहर का निकटवर्ती गांव नगला शर्की शेखूपुर चीनी मिल के अधीन है। इस गांव के किसान शेखूपुर चीनी मिल पर गन्ना डालते हैं। पूरा गांव गन्ना खेती करके ही सम्पन्न है। अब गन्ने में बीमारी लगने के संकेत मिलते ही चीनी मिल ने मंगलवार को नगला शर्की गांव के बड़े गन्ना किसान राजेश्वर सिंह के खेत का निरीक्षण किया।
राजेश्वर सिंह के खेत में पेड़ी है। चीनी मिल अधिकारियों ने खेत में गन्ने के पौधे का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पाया कि यदि कीटनाशक छिड़काव नहीं किया गया तो गन्ने का पत्ता पीला पड़ जाएगा जिससे गन्ने की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। गन्ने का वजन कम होने के साथ ही सूख भी सकता है इसिलए पानी के साथ ही कीटनाशक का छिड़काव किया जाए। जिसके बाद उन्हेाने अपने सामने ही गन्ने में छिड़काव कराया।
चीनी मिल के अधिकारी सर्वेश बाबू ने कहा कि गर्मी का समय गन्ने के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है, गर्मी में गन्ने में कई तरह की बीमारियां लगती हैं। जिस तरह पिछले साल रेड रोग की बीमार से गन्ने को भारी क्षति हुई थी। उसी तरह इस साल भी कोई बीमारी लग सकती है इसलिए किसानों को अभी से जागरूक होना होगा। चीनी मिल के कृषि विशेषज्ञों का कहना था कि समय पर पानी लगाएं और मिट्टी को सूखने न दें। साथ ही मिट्टी में दीमक न होने पाए इसके लिए पानी के साथ दवा लगाएं जो गन्ने के पौधे की जड़ में पहुंच सके।
इस मौके पर गन्ना विभाग के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक कुमार ने कुल गन्ने का रकबा और उसमें प्रयोग होने वाली दवा की मात्रा को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया।अशोक कुमार ने कहा कि मई से लेकर जून का समय बेहद संवेदनशील होता है इसलिए इस समय हर दिन गन्ने पर नजर रखें साथ ही गन्ने में ग्रोथ के लिए भी दवा का प्रयोग करें।
यह भी पढ़ें- बदायूं: दुकानों पर बिक रही एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक, आप भी हो जाएं सतर्क
