कानपुर में महिला उसे बच्चा समझकर पेट में पालती रही...फिर पता चली यह सच्चाई, जानकर लोग हुए हैरान

कानपुर में महिला उसे बच्चा समझकर पेट में पालती रही...फिर पता चली यह सच्चाई, जानकर लोग हुए हैरान

कानपुर, अमृत विचार। एक महिला गर्भवती होने की संभावना में पेट में रसौली को बच्चा समझकर पालती रही। रसौली से महिला के पेट का आकार भी बढ़ गया जिससे परिजन भी उसे गर्भवती समझते रहे। दर्द को गर्भावास्था का दर्द समझकर नजरअंदाज करते रहे। परेशानी बढ़ने पर महिला हैलट के जच्चा-बच्चा अस्पताल पहुंची तो जांच में बच्चेदानी में फुटबॉल के आकार की रसौली पता चली, जिसे ऑपरेशन कर बाहर निकाला गया। 

शुक्लागंज निवासी 32 वर्षीय महिला ने बताया कि करीब एक साल पहले पेट में दर्द की समस्या शुरू हुई थी। पेट में भारीपन होने लगा। पेट का आकार भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा था। वह खुद को गर्भवती मानकर पूरी देखरेख करती रही। 

लेकिन गर्भकाल का समय बीतने के बाद भी पेट का आकार और दर्द बढ़ता रहा तो शुक्लागंज में कई अस्पतालों में इलाज व जांच कराई, लेकिन आराम नहीं मिला। हालत अधिक खराब होने पर परिजन उसे 14 मई को मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग लेकर पहुंचे। यहां पर डॉ. रेनू गुप्ता ने महिला को भर्ती कर कुछ जांचें कराईं तो रसौली का पता चला। 

डॉ. रेनू गुप्ता ने 17 मई को डॉ.पाविका लाल, डॉ.गरिमा गुप्ता, डॉ.करिश्मा, डॉ.स्वप्निल, डॉ.आयुषी, डॉ.विनिका, डॉ.अपूर्व के साथ ऑपरेशन किया। डॉ.रेनू गुप्ता ने बताया कि महिला की बच्चेदानी से फुटबॉल के आकार की रसौली निकाली गई। बच्चेदानी में रसौली होने की वजह से मरीज की किडनी पर भी असर पड़ने लगा था। टीम में शामिल डॉक्टरों ने मरीज के लिए ब्लड की व्यवस्था अपने स्तर से की। महिला ने डॉक्टरों का शुक्रिया अदा किया और उसे एक हफ्ते में छुट्टी भी मिल गई।

यह भी पढ़ें- Kanpur: बिजली कटौती से गुस्से और गर्मी में उबल रहे लोग, सामने आए आठ सौ से अधिक फॉल्ट व ट्रिपिंग