बदायूं: सुबह 11 बजे के बाद काम नहीं करेंगे ईंट भट्ठा मजदूर, शाम चार बजे होगा शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

भीषण गर्मी में ईंट भट्ठा काम करने वाले मजदूरों को बदला समय

बदायूं, अमृत विचार। भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। पशु पक्षी भी व्याकुल हो उठे हैं। ऐसी स्थिति में ईंट भट्ठा पर काम करने वाले मजदूरों की दिनचर्चा में भी बदलाव किया गया है। वह सुबह 11 बजे के बाद काम नहीं करेंगे। दोपहर में चार घंटे आराम करने के बाद ही दिन में दोबारा से काम शुरू किया जाएगा। उन्हें गर्मी से बचाव के लिए ठंडा पेयजल और ओआरएस घोल आदि का इंतजाम भट्ठा संचालक को करना होगा। साथ ही बीमार करने पर उनका इलाज भी कराना होगा। यह निर्देश सहायक श्रमायुक्त ने भट्ठासंचालकों को दिए हैं। 

मई माह बूरी तरह से तप रहा है। ऐसा कई साल बाद हो रहा है मई माह में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा है। सुबह सात बजे ही सूरज की तपिश लोगों को बेहाल करने लगती है। दस बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। इसी भीषण गर्मी के बीच तपती धूप में भट्ठामजदूरों का बुरा हाल हुआ जा रहा है। साथ ही वह बीमार हो रहे हैं। 

ईट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों की ऐसी स्थिति होने पर सहायक श्रमायुक्त ने ईंट भट्ठा संचालकों को निर्देश जारी किए हैं। जिसमें उनके द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि ईट भट्ठों पर ईट की  पथाई करने वाले मजदूरों से 11 बजे से चार बजे तक काम न लिया जाए। वह सुबह छह बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से सात बजे तक ईट पथाई का काम करेंगे। 

काम करने के दौरान उनके लिए ईंट भट्ठा संचालकों द्वारा ठंड पेयजल और छायादार विश्राम स्थल की व्यवस्था की जाए। साथ ही लू से बचाव के लिए ओआरएस घोल कार्यस्थल रखा जाए। इसके बाद भी अगर किसी मजदूर की गर्मी से तबीयत खराब होती है तो उसका उपचार भी ईंट भट्ठा संचालक को करना होगा। ईंट भट्ठा संचालकों मजदूरों से गर्मी से बचाव के इंतजाम करने के साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनके खिलाफ कोई शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

श्रमिक 12 से चार बजे तक नहीं करेंगे काम
ईंट भट्ठा मजदूरों के साथ निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के समय भी सहायक आयुक्त ने परिवर्तन किया है। वह सुबह सात बजे से 12 तक काम करेंगे। इसके बाद उन्हें चार घंटे तक विश्राम दिया जाए। श्रमिक चार बजे से छह बजे तक काम करेंगे। साथ ही गर्मी से बचाव करने के लिए ठेकेदार को श्रमिकों के लिए इंतजाम करने होंगे। 

गर्मी अधिक पड़ रही है। जिसकी वजह से श्रमिकों और भट्ठामजदूरों के समय में परिवर्तन  किया है। विश्राम समय में अगर किसी मजदूर या श्रमिक से काम लिया जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी-अजीत कुमार कनौजिया, सहायक श्रमायुक्त

ये भी पढ़ें- बदायूं: अस्पताल गेट पर जाम लगा रहे ई-रिक्शा चालक ने होमगार्ड से की मारपीट

संबंधित समाचार