Exclusive: सपना दिखाकर सो गए अधिकारी, अपनी जिम्मेदारी से कर रहे गद्दारी, नगर निगम सदन में पास प्रस्ताव फांक रहे धूल

Exclusive: सपना दिखाकर सो गए अधिकारी, अपनी जिम्मेदारी से कर रहे गद्दारी, नगर निगम सदन में पास प्रस्ताव फांक रहे धूल

अभिषेक वर्मा, कानपुर। नगर निगम सदन में पास किये गये प्रस्तावों पर कोई काम नहीं हो रहा है। पिछले दो सदनों में शहर के विकास के लिये पास किये गये चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर तो अधिकारी दो कदम भी नहीं चले हैं। जाजमऊ में सोलर पार्क, स्वरूप नगर में महिला मार्केट, बाबूपुरवा में विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम बनाने के प्रस्ताव को अधिकारी भूल गये हैं। बारातशालाओं को निजी संचालकों को देने का प्रस्ताव भी धूल फांक रहा है। जनता के मुद्दों को उठाने के लिये चुने गये शहर के पार्षद मौन हैं। जिसकी वजह से आम जनता के लिये जरूरी योजनाएं धरातल पर नहीं आ पा रही हैं। 

nagar nigam exclusive 2

निजी संचालक चलाएंगे बारातशाला

नगर निगम की 42 बारातशाला और कम्युनिटी सेंटर में सिर्फ 5 का संचालन ही विभाग कर रहा है। जबकि अधिकतर पर कब्जेदार मलाई काट रहे हैं। महापौर के निर्देश पर जोन वार सर्वे में यह बात सामने आई है। जिसके बाद महापौर ने सभी कब्जेदारों को नोटिस जारी करने के साथ ही खाली कराकर उसका संचालन करने के निर्देश जारी किये थे। 19 अक्टूबर को हुई सदन की बैठक में इन बारातशालाओं को निजी संचालकों को देने के लिये प्रस्ताव संख्या 18 के तहत नियम व शर्तों के आधार पर स्वीकृति दी गई है। लेकिन, सात महीने के बाद भी इस प्रस्ताव पर एक कदम भी अधिकारी नहीं चले हैं। 

nagar nigam exclusive 3

सदन की सैद्धांतिक मंजूरी, काम कुछ नहीं हुआ

स्वरूप नगर स्थित घंटाघर की  जमीन पर महिला मार्केट बनाने के लिये सदन में प्रस्ताव संख्या 30 को पास किया गया है। नगर निगम कोष की उपलब्ध धनराशि से निर्माण के लिये एचबीटीयू को पीएमसी नामित करते हुये एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजकर अनुमति लेनी है। लेकिन, इस कार्य को अभी तक नहीं किया गया है। महापौर प्रमिला पांडेय ने भी पिछले कार्यकाल में महिला मार्केट बनाने का एलान किया। नगर आयुक्त ने भी सदन की सैद्धांतिक मंजूरी ले ली है। अधिकारियों के अनुसार महिला मार्केट के लिए 4900 वर्गमीटर जगह में 150 दुकानें बन जाएंगी। महिला मार्केट में दुकानों के साथ लॉबी एरिया, शौचालय, पेयजल, फीडिंग सेंटर, बैठने की बेंच, और खानपान की दुकानें होंगी। इस पूरी योजना में 100 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। 

nagar nigam exclusive 4

1253 एकड़ में नगर निगम स्थापित करेगा सोलर पार्क

नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने 19 फरवरी को हुये सदन में जाजमऊ में नगर निगम के स्वामित्व वाली 1253 एकड़ सीवेज फार्म की जमीन पर सोलर पार्क की स्थापना का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव संख्या 30 को सदन ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। यह पार्क नगर निगम स्थापित करना है। इससे जाजमऊ स्थित 36 एमएलडी सीईटीपी प्लांट को चलाने में बिजली का खर्च बचेगा। इस प्रस्ताव पर भी नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्य नहीं किया। जिसपर महापौर के बाद अब नगर आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी जारी की है।

nagar nigam exclusive 5

दक्षिण में बनना है पहला विश्वस्तरीय सभागार

कानपुर के दक्षिण क्षेत्र में पहला सभागार बनाने का प्रस्ताव भी नगर निगम सदन की बैठक में पास किया गया है। यह सभागार बाबूपुरवा थाने के बगल में स्थित बीएन भल्ला अस्पताल में बनेगा। इस सभागार का इस्तमाल लाजपत भवन की तरह बैठकों या अन्य कार्यक्रमों के लिए हो सकेगा। नगर निगम सदन ने  प्रस्ताव संख्या-32 को सर्वसम्मति से पास तो कर दिया लेकिन इसमें क्या हुआ न किसी पार्षद ने पूछा और न ही अधिकारियों ने रुचि ली। अगर यह सभागार बनेगा तो शहर की तरह ही दक्षिण क्षेत्र में रहने वाली जनता को बैठकों, कार्यक्रमों को करने में आराम हो जायेगा।

महापौर ने मांगी जानकारी तो आया याद

महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि सदन की बैठकों में पारित प्रस्तावों पर अधिकारी कोई काम नहीं कर रहे हैं। प्रस्तावों पर संबंधित अधिकारियों ने समय बीतने के बाद भी कोई कार्यवाही ही नहीं की है। इसपर मैंने रोष व्यक्त किया है। वहीं, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को मुख्य अभियंता सिविल, जलकल महाप्रबंधक, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, प्रभारी अधिकारी संपत्ति/आईटी को पत्र लिखकर निर्देश दिये हैं कि चारों प्रस्तावों पर संबंधित अधिकारी तीन दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नगर आयुक्त ने सभी से कहा है कि सदन से पास सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार समय से कार्यवाही करें।

सदन में पास प्रस्तावों पर कार्यवाही न किया जाना अत्यंत आपत्तिजनक है। मैंने सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिन में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिये हैं। सदन में पारित सभी प्रस्तावों पर समय बद्ध तरीके से काम किया जायेगा। - शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त, कानुपर नगर निगम

यह भी पढ़ें- Kanpur Weather: जारी रहेगा भीषण गर्मी का सितम, मौसम वैज्ञानिकों ने जताई इतने डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने की आशंका...