सुलतानपुर: बेकाबू कार ने सगे भाईयों को रौंदा, दोनों की मौत, परिवार समेत गांव में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक की मौके पर मौत तो दूसरा लखनऊ पहुंचते ही तोड़ा दम,  लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर हसनपुर गुमटी के पास हुआ हादसा

सुलतानपुर, अमृत विचार। लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गुमटी के पास गुरुवार को बेकाबू कार ने स्कूटी सवार सगे भाइयों को रौंद दिया। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई ने लखनऊ हास्पिटल गेट पर दम तोड़ दिया। दो युवाओं की मौत से गांव में चित्कार मचा है। 

कोतवाली नगर के पांचोपीरन कस्बा निवासी शब्बीर के दो पुत्र  समीर उर्फ पप्पू डेंटर (38) व  अमीर उर्फ गुड्डू (30) गुरुवार को घर का कुछ जरूरी सामान लेने स्कूटी से बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर क्षेत्र में जा रहे थे। दोनों भाई हसनपुर गुमटी के पास पहुंचे थे कि लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी व कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे। 

6

तत्काल स्थानीय लोग मौके पर राहत और बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक एक भाई की मौत हो चुकी थी। आनन-फानन में दूसरे भाई को प्राइवेट वाहन से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रॉमा सेंटर गेट पहुंचते ही दूसरे भाई ने भी दम तोड़ दिया। 

मृतक पांच भाई थे, दो की एक साथ मौत से मातम 

समीर व अमीर पांच भाई थे। एक साथ दो सगे भाईयों की मौत से परिवार समेत गांव में मातम पसर गया है। घर पर शोक संवेदना प्रकट करने वालों का तांता लगा हुआ है। लोग परिवार वालों को ढाढस बंधा रहे हैं। वही कोतवाली नगर पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

किशोर चला रहे थे दुर्घटना करने वाली कार 

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो जिस चार पहिया वाहन से दुर्घटना हुई है उसे नाबालिग लड़के चला रहे थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी व बच्चे शहर के ही एक प्रतिष्ठित हींग व्यवसाई के परिवार के हैं। ऐसे में अब पुरी तरह से उन्हें बचाने का प्रयास जारी है। एसओ बंधुआकला अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया अभी परिवार से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी: सबसे पहले हैदरगढ़ और आखिर में आएगा कुर्सी विधानसभा क्षेत्र से परिणाम, 33 चक्र में पूरी होगी मतगणना

संबंधित समाचार