Kannauj Accident: आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराकर बस खाई में गिरी...मची चीख-पुकार, 14 यात्री घायल
कन्नौज में बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी
कन्नौज, अमृत विचार। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित स्लीपर बस ट्रक से टकराते हुए नीचे जा गिरी। बस गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला। इसमें 14 गंभीर घायलों को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया।
आजमगढ से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे होते हुए यात्रियों को लेकर स्लीपर बस दिल्ली जा रही थी। बस में गोरखपुर, आजमगढ, आगरा, दिल्ली समेत अन्य जगहों के करीब 40 यात्री सवार थे। बस जैसे ही ठठिया थानाक्षेत्र के 203 किलोमीटर पर पहुंची तो आगे चल रहे ट्रक मे बस टकराकर अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे की रेलिंग तोडते हुए नीचे खाई में जा गिरी।
एक्सप्रेस वे से नीचे बस गिरते ही सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने हादसे की सूचना पुलिस व यूपीडा को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस सवार लोगों काे रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला।
हादसे मे गंभीर रूप से घायल हुए आजयगढ के फूलपुर गांव निवासी पतीसिंह पुत्र हरीसिंह, फिरोजाबाद के सेखूपुर निवासी भूनेश्वर कुमार पुत्र शेरसिह, गोरखपुर के बडहलगंज निवासी विक्रम पुत्र इंद्रजीत, आगरा के हनेरा निवासी रमेश पुत्र बदन, दिल्ली के सुल्तानपुर निवासी सुरेश कुमार पुत्र मुनेराम गुप्ता,सुल्तानपुर निवासी सरोज पत्नी सुरेश कुमार, आजमगढ के न्यू सब्जी मंडी निवासी इंद्रकला पत्नी रणविजय, रितिका पुत्री रणविजय, बंदायू निवासी नारेद्र पुत्र सत्यप्रकाश, आजमगढ के निबू आरेसा निवासी अजय पुत्र रामबालक, जानकी पत्नी रामबालक, अर्जुन पुत्र रणविजय, सुल्तानपुर निवासी संजीव गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता, सुल्तानपुर राजपट्टी निवासी हीरापति पत्नी रामनायक सिंह को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें- Farrukhabad News: सपा कार्यकर्ता से भाजपा सांसद के पुत्र पर गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप, सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल
