Kanpur Dehat: रनियां में बवाल के तीसरे दिन PAC तैनात...घरों में दुबके लोग, सड़कों पर छाया सन्नाटा, अब तक 12 जा चुके जेल

कानपुर देहात के रनियां में तीसरे दिन भी लोग घरों में दुबके रहे

Kanpur Dehat: रनियां में बवाल के तीसरे दिन PAC तैनात...घरों में दुबके लोग, सड़कों पर छाया सन्नाटा, अब तक 12 जा चुके जेल

कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां थाना क्षेत्र के आर्यनगर प्रथम व फत्तेपुर रोशनाई गांव के कुछ युवकों के बीच बुधवार को मामूली विवाद गुरुवार को दो गुटों के बीच मारपीट, पथराव और फायरिंग के बाद गांव में पीएसी बटालियन के आधा सैकड़ा जवान तैनात रहे। तीसरे दिन गांव में इक्का-दुक्का ही दुकानें खुली और अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। 12 आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस अन्य की तलाश कर रही है।

Kanpur Dehat Rania Police Station

बता दें कि बीते बुधवार को रनियां के आर्यनगर में गोलगप्पे के ठेले वाले से फत्तेपुर रोशनाई के लड़कों का मामूली बात पर विवाद हो गया था। एक पक्ष ने तहरीर देकर आठ लोगों के खिलाफ नामजद व दस अज्ञात पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार की शाम राजेंद्र चौराहे पर आर्यनगर व फत्तेपुर रोशनाई के लड़कों के बीच मारपीट के साथ ही फायरिंग व बमबाजी शुरू हो गई थी।

महिलाओं ने छतों से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया था। जिसके बाद उपद्रवियों ने रास्ते से गुजरने वालों पर भी हमला कर सड़क किनारे दुकानों में तोड़फोड़ की थी। सूचना पर सीओ तनु उपाध्याय फोर्स के साथ पहुंची तो महिलाओं ने ईंट-पत्थर से उन्हें भी दौड़ा लिया था। आर्यनगर के लड़कों ने फत्तेपुर रोशनाई के एक दुकानदार की दुकान में तोड़फोड़ कर दी थी।

जिस पर दुकानदार को अपनी लाइसेंसी बंदूक से मोर्चा संभालना पड़ा था और छत पर जाकर कई राउंड फायरिंग की थी। दोनों पक्षों के 16 लोग घायल हुए थे। शुक्रवार सुबह रनियां थाना प्रभारी महेंद्र सिंह की तहरीर पर दोनों पक्षों के 34 नामजद समेत 50-60 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसके बाद बारह लोगों को जेल भेजा गया था।

वहीं घटना के तीसरे दिन गांव में इक्का-दुक्का दुकानें ही खुली और अधिकांश दुकानों में ताला लटकता रहा। वहीं गांव जाने वाले रास्ते पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए फत्तेपुर क्षेत्रीय इंटर कालेज में कानपुर से आई 37वीं वाहिनी पीएसी बटालियन के जवानों को ठहराया गया है।

करीब आधा सैकड़ा पीएसी जवान गांव के चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं। रनियां एसओ महेंद्र पटेल ने बताया कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं अज्ञात आरोपियों की वायरल वीडियो समेत अन्य माध्यम से पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Kanpur: पोस्टमार्टम के बाद दोनों दोस्तों के घर पहुंचे शव...रो-रोकर परिजन बदहवास, दोनाें में गहरी थी दोस्ती, एक साथ जली चिताएं