बुरे फंसे अयोध्या मंडल के पांच जिलों के BSA, 31को लखनऊ तलब-जानिए क्या है मामला
अयोध्या, अमृत विचार। बीते 15 वर्षों के दौरान जिला स्तर पर निर्गत की गई मान्यता का ब्योरा न दे पाने के कारण अयोध्या मंडल के पांचों जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारी बुरे फंसे हुए हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने इस पर लेकर घोर आपत्ति जताते हुए तीस मई तक ब्यौरा न दे पाने के कारण सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से मुख्यालय तलब किया है।
महानिदेशक की ओर 24 मई को जारी आदेश में कहा गया है कि गत 15 वर्षों से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों के संचालन के लिए प्रदत मान्यता की सूचना मांगी गई थी। आदेश में कहा गया है कि 23 फरवरी को ही आदेश जारी कर 15 वर्षों में निर्गत मान्यता का ब्यौरा संबंधित प्रारुप के तहत मांगा गया था। इसे 15 दिन में दिया जाना था लेकिन अभी तक केवल जनपद अलीगढ़, बलरामपुर, बांदा, रायबरेली और सोनगढ़ को छोड़कर किसी जिले ने ब्यौरा नहीं दिया है जो गंभीर लापरवाही का परिचायक है। महानिदेशक ने निर्देश दिया है कि तीस मई तक निर्धारित एक्सेल शीट पर 15 वर्षों में निर्गत मान्यता का ब्यौरा दे। ब्यौरा न दे पाने की स्थिति में राज्य परियोजना कार्यालय में संबधित सूचना व्यक्तिगत रुप से उपस्थित होकर उपलब्ध कराए।
बताया जाता है कि मंडल के सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, अम्बेडकरनगर और अयोध्या जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा भी ब्यौरा अभी तक नहीं भेजा गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि मान्यता प्रदत्त किए जाने में विभागीय झोलझाल के चलते अभी तक ब्योरा नहीं दिया गया है। माना जा रहा है कि मंडल के पांचों जिलों के पास पूरा रेकार्ड ही उपलब्ध नहीं है ऐसे में महानिदेशक स्कूल शिक्षा का आदेश उनके लिए संकट बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार शासन द्वारा मान्यता सूची के अनुसार बड़ी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है जिसके लिए सभी जिलों से सूचनाएं मांगी गईं हैं।

वर्जन - महानिदेशक के पत्र की जानकारी है। सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिमाइंडर भेज दिया गया है। यदि सूचना नहीं देते तो व्यक्तिगत रूप से लखनऊ कार्यालय जाना होगा।
-डाॅ राजितराम त्रिपाठी, एडी बेसिक अयोध्या मंडल
ये भी पढ़ें -लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के उल्लंघन में फंसे 234 अध्यापक-कर्मचारी, डीएम के निर्देश पर पर दर्ज हुई FIR
